Faridabad: मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि राम व राष्ट्र पर्यायवाची शब्द है और राम के बिना राष्ट्र की कल्पना नहीं की जा सकती। 22 जनवरी का दिन लोगों के सैकड़ों वर्षों के संघर्ष व आस्था की जीत का दिन है। 22 जनवरी को प्रत्येक व्यक्ति अपने घर में दीप अवश्य जलाए। राम हमारे रोम- रोम में बसे हुए हैं, हम हर सुख और दुख में उन्हें याद करते हैं। धर्म नीति से जुड़ा हुआ विषय है और वह राजनीति से भी जुड़ा है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल शनिवार को मानव रचना विश्वविद्यालय फरीदाबाद में एक संवाद कार्यक्रम में सवालों के जवाब दे रहे थे।

अंत्योदय की भावना के साथ आमजन का किया विकास

मुख्यमंत्री ने 9 वर्षों में प्रदेश सरकार द्वारा किए गए कार्यों को बताते हुए कहा कि हमने अपने शासनकाल में अंत्योदय की भावना के साथ आमजन के विकास के लिए कार्य किए हैं। किसानों की छोटी से छोटी समस्या को समझ कर उसके समाधान का कार्य किया है। एक सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि 9 साल पहले प्रदेश में बेटियों की संख्या 871 थी। इसके बाद बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसा सफल अभियान चलाया गया और आज प्रदेश में बेटियों की संख्या 932 पर पहुंच गई है। हरियाणा में करप्शन, क्राइम और कास्ट बेस्ट पॉलिटक्सि को खत्म किया गया।

एंटी करप्शन बयूरो का गठन कर भ्रष्टाचार पर लगाई रोक

सीएम मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा में एंटी करप्शन ब्यूरो का गठन कर भ्रष्टाचार करने वाले प्रत्येक व्यक्ति पर प्रहार किया गया। आज किसानों के विकास के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। हमने परंपरागत खेती से हटकर नेचुरल फार्मिंग पर जोर दिया। भावी पीढ़ियों के लिए जल बचाना हमारा नैतिक कर्तव्य है इसलिए हमने धान की फसल को कम करने का आह्वान किसानों से किया और दूसरी फसल परिवर्तित करने पर किसानों को आर्थिक मदद पहुंचाई। पिछले 9 साल में हमने 11000 करोड़ रुपए किसानों को मदद के रूप में दिए।