सीएम ने लॉंच किया ऑनलाइन पोर्टल: 50 लाख अंतोदय परिवारों को 500 रुपए में मिलेगा घरेलू गैस सिलेंडर

चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि हरियाली तीज के पर्व पर जींद में हुए सम्मेलन में उन्होंने घोषणा की थी कि प्रदेश के लगभग 50 लाख अंत्योदय परिवारों को 500 रुपए में घरेलू गैस का सिलेंडर मिलेगा। उस घोषणा के तहत हर घर-हर गृहिणी योजना के नाम से आनलाइन पोर्टल लॉंच करके मूर्त रूप दिया गया है। इस योजना से प्रदेश की बहनों को 1500 करोड़ रुपए सालाना का लाभ मिलेगा। इस पोर्टल के लॉंच होने से प्रदेश के लोगों में खुशी की लहर देखने को मिल रही है।
अंतोदय के जीवन को सुगम बनाना लक्ष्य
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार का उदेश्य है कि गरीब और अंतोदय के जीवन को सुगम बनाया जाए। इसी कड़ी में पोर्टल के तहत लगभग 50 लाख बीपीएल परिवारों को 500 रुपए में गैस का सिलेंडर दिया जाएगा। सिलेंडर पर 500 रुपए से अधिक खर्च होने वाली राशि हरियाणा सरकार द्वारा वहन की जाएगी। उपभोक्ता के खाते में सब्सिडी का पैसा वापस डाल दिया जाएगा। इससे गरीब परिवार के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी, क्योंकि सिलेंडर महंगा होने के कारण उन्हें खरीदने में काफी परेशानी हो रही थी।
लिंक पर पंजीकरण करवाए लोग
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि उपभोक्ता घर बैठे एक बार ही https.//epds.haryanafood.gov.in लिंक पर पंजीकरण करवाकर योजना का लाभ ले सकते हैं। उपभोक्ता वर्ष में 12 सिलेंडर भरवा सकते हैं। गैस सिलेंडर भरवाने पर शेष राशि (500 रुपए से अधिक) प्रत्येक मास उनके खाते में वापस डाल दी जाएगी। इसकी सूचना उपभोक्ता के मोबाइल फोन पर एसएमएस के जरिये दी जाएगी। इस अवसर पर खाद्य नागरिक एवं उपभोक्ता मामले विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव वी उमाशंकर, मुख्यमंत्री की अतिरिक्त प्रधान सचिव आशिमा बराड़, सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के महानिदेशक मंदीप बराड़ मौजूद रहे।
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS