Logo
हरियाणा के फरीदाबाद में आयोजित होने वाले सूरजकुण्ड हस्तशिल्प मेले का उद्घाटन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू करेंगी। सीएम मनोहर लाल ने राष्ट्रपति को सूरजकुण्ड हस्तशिल्प मेला-2024 का निमंत्रण दिया, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया।

Haryana: सूरजकुण्ड हस्तशिल्प मेला फरीदाबाद का इस बार उद्घाटन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू करेंगी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने राष्ट्रपति भवन पहुंचकर राष्ट्रपति को सूरजकुण्ड हस्तशिल्प मेला-2024 का व्यक्तिगत निमंत्रण दिया, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया। यह मेला 2 से 18 फरवरी तक चलेगा। सीएम ने बताया कि सूरजकुण्ड मेले का उद्घाटन करने के उनके निमंत्रण को राष्ट्रपति ने स्वीकार कर लिया है। वे 2 फरवरी को इस मेले का विधिवत उद्घाटन करेंगी। राष्ट्रपति के आगमन से प्रदेश सरकार के प्रयासों को और अधिक हौसला मिलेगा।

वाईब्रेंट गुजरात कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे मुख्यमंत्री मनोहर लाल

मुख्यमंत्री मनोहर लाल गुजरात के गांधीनगर में आयोजित होने वाले वाईब्रेंट गुजरात कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। गुजरात में हर दो वर्ष में वाईब्रेंट गुजरात ग्लोबल सम्मिट कार्यक्रम होता है। यह कार्यक्रम नरेन्द्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए शुरू किया था। इसमें देश-विदेश के निवेशक भाग लेते हैं और अलग-अलग क्षेत्र के लोग वहां चर्चा के लिए पहुंचते हैं। उनके वहां पर कई कार्यक्रम रखे गए हैं। इस कार्यक्रम में अफ्रीकन देशों से हरियाणा का कैसे जुड़ाव हो सकता है और वहां के लोग यहां क्या योगदान दे सकते हैं, शिक्षा, टेक्नोलॉजी आदि विषयों पर चर्चा होगी।

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत हरियाणा से अयोध्या के लिए चलाई जाएगी विशेष ट्रेन

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बताया कि सदियों से देशवासियों को इस दिन का इंतजार था कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हो और अब वह घड़ी आ गई है, जब मंदिर पूर्णतया बनकर तैयार है। इस मंदिर में 22 जनवरी को रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा होने जा रही है। इस भव्य मंदिर के उद्घाटन अवसर पर स्वयं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उपस्थित होंगे। पूरे देश के जनमानस में खुशी की लहर है। आज देश में वैसा ही माहौल है जैसा सदियों पहले भगवान रामचन्द्र की लंका विजय के बाद अयोध्या लौटने पर था। हरियाणा से 9 फरवरी को अयोध्या के लिए विशेष ट्रेन चलाई जाएगी। कुछ लोगों को मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत फ्री ले जाया जाएगा और इस योजना के दायरे में नहीं आने वाले लोग, जिनकी आय निर्धारित सीमा से अधिक है, वे किराया भरकर जा सकेंगे।

5379487