Logo
हरियाणा के करनाल में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य सरकार ने गरीबों के हित में अनेक निर्णय लिए हैं। आज प्रदेश में बिना पर्ची-बिना खर्ची के सरकारी नौकरियां दी जा रही हैं। आने वाले समय में प्रदेश में 50 हजार और भर्तियां की जाएंगी।

Karnal: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य सरकार ने गरीबों के हित में अनेक निर्णय लिए हैं। आज प्रदेश में बिना पर्ची-बिना खर्ची के सरकारी नौकरियां दी जा रही हैं। आने वाले समय में प्रदेश में 50 हजार और भर्तियां की जाएंगी। मुख्यमंत्री करनाल में आयोजित कार्यक्रम मे बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। नायब सिंह सैनी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने गरीबों को 100-100 गज के प्लाट देने का केवल वादा किया, न प्लाटों के कागज दिए और न कब्जा। जबकि भाजपा सरकार ने ऐसे 20 हजार लोगों को प्लाटों का कब्जा भी दिया और कागज भी। जो बच गए हैं, उन्हें भी प्लाट दिए जाएंगे।

2 किलोवाट के कनेक्शनधारकों को नहीं देना होगा बिजली सरचार्ज

सीएम ने कहा कि सरकार ने यह निर्णय लिया कि 2 किलोवाट तक के कनेक्शनधारकों को बिजली सरचार्ज नहीं देना पड़ेगा। जितनी यूनिट खपत होगी, उसी का बिल भरना पड़ेगा। एक महीने तक उपभोक्ता के बाहर जाने पर उसका बिल शून्य आएगा। इतना ही नहीं, सरकार ने 1.80 लाख रुपए सालाना से कम आय वाले उपभोक्ताओं के घरों की छतों पर 2 किलोवाट क्षमता के सोलर पैनल स्थापित करने का निर्णय लिया है। इस कार्य पर एक लाख रुपए खर्च आता है जिसमें से 60 फीसदी केंद्र और 40 फीसदी हरियाणा सरकार वहन करेगी। सोलर पैनल से यदि बिजली खपत होने के बाद बिजली बचती है तो उसे विद्युत निगम खरीदेगा।

84 लाख लोगों को दिया हैप्पी कार्ड

नायब सैनी ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश में एक लाख रुपए वार्षिक आय से कम वाले 23 लाख परिवारों के 84 लाख लोगों को हैप्पी कार्ड देकर राज्य परिवहन की बसों में एक साल में 1000 किमी तक की मुफ्त यात्रा की सुविधा दी है। मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत शहरों में गरीबों को 30-30 वर्ग गज के प्लाट दिए जा रहे हैं। 14 शहरों में 15 हजार लोगों को प्लाट दिए गए हैं। आज आयुष्मान भारत-चिरायु योजना का लाभ लोगों तक पहुंच रहा है। सरकार 1.80 लाख रुपए तक की आय वाले परिवारों की बेटियों की शिक्षा का पूरा खर्च उठा रही है।

कांग्रेस झूठ का फैला रही भ्रम

नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस झूठ बोलकर भ्रम फैला रही है। उनके समय में न तो बिजली मिलती थी और गैस सिलेंडर के लिए लोगों की लम्बी लाइनें लगती थी। आज हमारी डबल इंजन की सरकार में 24 घंटे बिजली मिल रही है और रसोई गैस सिलेंडर भी सहजता से मिल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जिनके बहीखाते खराब हैं वही दूसरों का हिसाब पूछ रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी दोनों लोगों की आंखों में धूल झोंकने का काम कर रहे हैं। दोनों एक-दूसरे को गाली भी देते हैं और गले भी मिलते हैं।

ग्रामीण क्षेत्र में चौपालों के निर्माण के लिए सरकार ने मंजूर किए 900 करोड़

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में हर वर्ग की चौपालों के निर्माण कार्य को लेकर सरकार ने 900 करोड़ रुपए की राशि जारी की है और जल्द ही ग्राम पंचायतों के खातों में पंहुच जाएगी। सरकार द्वारा पिछले 10 वर्षों में ग्रामीण क्षेत्रों का विकास किया है। अब गांवों के लोगों को भी शहर की तर्ज पर सभी मूलभूत सुविधाएं मिल रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच है कि देश व प्रदेश में तेज गति से विकास हो और उस विकास की गाथा में कोई भी गांव पीछे ना रहे।

5379487