Haryana Lok Sabha Election 2024: हरियाणा में लोकसभा चुनाव को लेकर प्रचार प्रसार जोरो पर है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री नायब सैनी आज शनिवार को पंचकूला पहुंचे हैं। यहां सीएम ने 'हर बूथ हर घर अभियान' की शुरुआत की। बीजेपी का यह अभियान पूरे प्रदेश में 11 से 12 मई तक चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत पार्टी हर बूथ हर घर तक सरकार की 10 साल की उपलब्धियां पहुंचाने की कोशिश करेगी। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर भी जोरदार हमला बोला।

सरकार को बर्खास्त करने की मांग पर बोले सीएम

सीएम सैनी के पंचकूला में राजीव कॉलोनी में बूथ 132 पहुंचकर 'हर बूथ हर घर अभियान' की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार में किस तरह के हाल थे, यह किसी से छुपा नहीं है। अब भाजपा ने विकास के नए आयाम लिखे हैं। वो सभी लोग जानते हैं। इसके अलावा सीएम ने कांग्रेस विधायकों की तरफ से राज्यपाल से सरकार बर्खास्त करने की मांग को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के साथ जो विधायक हैं, उनके हस्ताक्षर करके लिख कर दें कि उनके समर्थन में कितने विधायक हैं।

बता दें कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी लोकसभा चुनाव को लेकर प्रदेशभर में लगातार रैलियां और जनसभाओं को संबोधित कर रहे हैं। इसके अलावा बीजेपी नेताओं का ने दावा किया है कि इस बार भी प्रदेश की सभी 10 लोकसभा सीटों पर बीजेपी की जीत दर्ज करेगी। वहीं, प्रदेश में आने वाले दिनों में पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह भी रैलियां करते हुए नजर आएंगे।

नैना चौटाला पर हुए हमले की निंदा की

वहीं, सीएम सैनी ने जेजेपी की हिसार से उम्मीदवार नैना चौटाला पर हुए हमले की निंदा की है। उन्होंने कहा कि विरोध करने का यह तरीका सही नहीं है। वोट मांगना सभी का अधिकार है। उन्होंने कहा कि प्रत्याशी वोट मांगने के लिए गांव-गांव और घर-घर जा सकते हैं। इस तरह का किसी प्रत्याशी का विरोध सही नहीं है।