हिसार/उकलाना: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि केन्द्र व प्रदेश की भाजपा सरकार ने 10 वर्ष के शासनकाल में देश, प्रदेश की दशा व दिशा बदली है। जनता में न्याय की उम्मीद बंधी है, विश्व स्तर पर भारत की साख बढ़ी है और देश उन्नति के पथ पर आगे बढ़ा है। सीएम नायब सिंह सैनी मंगलवार को उकलाना अनाज मंडी में लोकसभा प्रत्याशी रणजीत सिंह के समर्थन में समरस विजय संकल्प रैली को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने चेत्र नवरात्र व विक्रमी नव वर्ष की बधाई देते हुए कहा कि 10 वर्ष के शासनकाल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास के ऐतिहासिक कार्य हुए हैं।

धारा 370 समाप्त कर आतंकवाद को किया खत्म

नायब सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने धारा 370 समाप्त करके जम्मू कश्मीर से आतंकवाद का खात्मा किया। आज हम गर्व से जम्मू कश्मीर के लाल चौक पर तिरंगा फहराकर भारत माता की जय के नारे लगा सकते हैं, जबकि कांग्रेस शासन में ऐसा संभव नहीं था। केन्द्र व प्रदेश में भाजपा की डबल इंजन सरकार ने विकास को नई गति दी है। हिसार के राखी गढ़ी को विश्व के मानचित्र पर लाने का कार्य भाजपा सरकार ने ही किया है। लगभग 55 साल तक कांग्रेस ने देश को लूटा। अब जो कांग्रेस जनता को न्याय की गारंटी देने की बात करती है, वो पहले जवाब दे कि आखिर इतने वर्षों के शासनकाल के दौरान उसे गरीबों, महिलाओं, किसानों व अन्य वर्गों की याद क्यों नहीं आई।

बराला ने बीरेंद्र और बृजेंद्र पर किया कटाक्ष

राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला ने कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व सांसद बृजेन्द्र सिंह एवं उनके पिता बीरेन्द्र सिंह पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जब वे भाजपा में आए तो साधारण से नेता थे। भाजपा ने उन्हें टिकट देकर सांसद भी बनाया और चौधरी बीरेंद्र सिंह को केंद्र में मंत्री भी बनाया। भाजपा प्रत्याशी रणजीत चौटाला ने कहा कि पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा को विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी छोड़कर जाना पड़ेगा। उन्होंने दावा किया कि भाजपा की सरकार तीसरी बार भी बनेगी और चौथी बार भी बनेगी।