Palwal: होडल के औरंगाबाद की विजय संकल्प रैली में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने मोदी सरकार को न्याय करने वाली सरकार बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के हर वर्ग के साथ न्याय किया है और अपनी कल्याणकारी नीतियों से देश को विकास की पटरी पर चढ़ाया है। वहीं कांग्रेस ने कभी भी देश के साथ न्याय नहीं किया। मुख्यमंत्री ने मंच से गरजते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि अफसर जनता का काम करने में कोई कोताही ना बरतें। गुंडागर्दी करने वाले तत्वों को स्पष्ट संदेश दिया कि हरियाणा में अब गुंडागर्दी करने वालों के लिए कोई स्थान नहीं है। गुंडागर्दी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी के सदस्य

सीएम एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी ने कहा कि हमें गर्व हैं कि हम दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी के सदस्य हैं, जिसके 18 करोड़ से ज्यादा मेंबर है। भाजपा की स्थापना हुई थी, तब भाजपा के मात्र 2 सांसद थे। 2019 में देश ने 303 सांसद भाजपा को दिए। अब तो देश के साथ-साथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी बोल रहे हैं कि अबकी बार 400 पार। 6 जून को देश नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बना रहा है। कांग्रेस को घेरते हुए नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस ने 55 साल देश में शासन किया और अब कांग्रेस को वोट लेने के लिए गारंटी देनी पड़ रही है। कांग्रेस अगर काम करती तो उसे गारंटियां देने की जरूरत नहीं पड़ती। देश और प्रदेश की जनता कांग्रेस को समझ चुकी है। देशवासियों को अब एक ही गारंटी पर भरोसा है और वह गारंटी मोदी

कांग्रेस कभी नहीं कर सकती न्याय

नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस ने अपने मैनीफेस्टों पर न्याय की बात कही। जबकि कांग्रेस ने ना कभी न्याय किया और ना कभी न्याय कर सकती। कांग्रेस ने सिर्फ लोगों के साथ अन्याय ही किया है। कांग्रेस ने गरीब महिलाओं को गैस सिलेंडर से वंचित रखा। देश जानता है कि कांग्रेस ने वोट लेने के बाद लोगों को तीन-तीन दिनों तक गैस के लिए लाइनों में खड़ा करके अन्याय किया। प्रधानमंत्री मोदी ने गैस सिलेंडर के लिए लगने वाली लाइन को खत्म किया और आज सिलेंडर घर-घर पहुंच रहे हैं।

मोदी राज में नहीं दिखाई दे रहे पत्थरबाज

कांग्रेस पर गरजते हुए नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस व कांग्रेस के नेता किस मुंह से न्याय की बात करते हैं। कांग्रेस के शासनकाल में जवानों पर पत्थरबाजी होती थी। मोदी सरकार बनने के बाद अब ना तो पत्थरबाजी हो रही और ना ही पत्थरबाज दिखाई दे रहे। किसानों के साथ भी कांग्रेस ने अन्याय ही किया। कांग्रेस किसानों की हितैषी कभी नहीं रही। मोदी सरकार ने 10 सालों में जितना किसानों के लिए किया, उतना विपक्ष की किसी दूसरी सरकार ने नहीं किया। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री सम्मान निधि की व्यवस्था मोदी सरकार ने की है।

सीएम ने अधिकारियों को दिए निर्देश

मुख्यमंत्री ने लोगों के काम लटवाने वाले अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि लोगों की बात सुनना और उनकी समस्याओं का समाधान करना अधिकारियों का दायित्व हैं। अधिकारी 4 जून तक अपने सिस्टम को ठीक कर लोगों की सेवा में जुट जाएं। वहीं नायब सैनी ने गुंडागर्दी करने वालों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि हरियाणा के लोग शांति चाहते हैं। सरकार किसी भी तरह की गुंडगर्दी को सहन करने वाली सरकार नहीं है।