Logo
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने भूपेंद्र हुड्डा पर हमला बोलते हुए कहा कि सत्ता में रहते हुए गरीबों का शोषण करने वाले आज उनके हित की बात कर रहे हैं। अब गरीब के हाथ में कलम, ऐसा नहीं होने दूंगा। कांग्रेस में केवल बाप बेटे के दो चेहरे दिखते हैं और आगे भी दिखेंगे।


CM Saini's attack on Hooda। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि जिन लोगों ने हमेशा गरीबों का शोषणा किया, आज सत्ता में आने के लिए वहीं लोग गरीबों के हितों की बात कर रहे हैं। भाजपा ने एक गरीब के हाथ में कलम दी है, जिसे पकड़ने वाले हाथ तो मेरे हैं, परंतु यह कलम उन सभी गरीबों की है, जो पहले सत्ता के शोषण का शिकार हुए हैं। समाज को जातियों में बांटने वाले बाप बेटे आज झूठ और भ्रम फैलाकर फिर से सत्ता में आना चाहते हैं, ताकि फिर खुलकर अपना पहले वाला खेल खेल सकें। आज मैं इस मंच से उन्हें चुनौती दूंता हूं कि अब गरीबों का शोषणा नहीं होने दूंगा। प्रदेश कांग्रेस में आज केवल बापू बेटे के दो चेहरे ही दिखते हैं। यहीं चेहरे चुनाव में भी दिखाई देंगे। उन्होंने शनिवार को हिसार आईटीआई में दक्ष जयंती समारोह को संबोधित करते हुए यह बात कही। 

आज जो पिछड़ों की बात करते हैं, उन्होंने 10 साल में क्या किया

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पिछड़ों की बात करने वालों के पास अपने अपने 10 साल में पिछड़ों के लिए किए गए कार्यों के बारे में बताने के लिए कुछ नहीं है। जिन्होंने प्रदेश को 10 साल में जातिवाद, भ्रष्टाचार व क्षेत्रवाद के दलदल में डूबोकर रखा, आज वही लोग जनता का भ्रमित करने के लिए घूमकर हमसे जवाब मांगने का ड्रॉमा कर रहे हैं। एक दिशा में बाप दिखाई देता है तो दूसरी दिशा में बेटा। देश की सबसे पुरानी पार्टी के पास हरियाणा में आज दिखाने के लिए बाप बेटे के सिवाय तीसरा कोई चेहरा नहीं है। इन्होंने अपने 10 साल के शासनकाल में परिवारवाद, जातिवाद व क्षेत्रवाद के अलावा किसी को आगे बढ़ने का मौका ही नहीं दिया। उसी खेल को दोबारा शुरू करने के लिए फिर सत्ता पाने के लिए बाप बेटा छटपटा रहे हैं। 

सबसे बड़े कलाकार थे दक्ष महाराज 

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि दक्ष महाराज दुनिया के सबसे बड़े कलाकार थे। दक्ष महाराज उसी पिछड़े समाज से थे, जिससे हम भी है। जो हम सभी के लिए गौरव की बात है। उनकी कला की प्रतिभा राखी गढ़ी से मनावली तक खुदाई में मिले मिट्टे के बर्तनों में आज भी दिखाई देती है। पिछड़ों के हितैषी होने का दिखावा करने वाली कांग्रेस ने हमेशा पिछड़ों को दबाने का काम किया। पिछड़ों को दबाने के लिए नेहरू ने जो प्रथा शुरू की थी, उसे इंदिरा व राजीव गांधी ने आगे बढ़ाया और आज गांधी परिवार व उनकी कठपुतली सरकारें व हुड्डा जैसे नेता भी उसी राह पर चल रही है। जिस पार्टी ने पिछड़ों का आरक्षण छीनकर मुस्लमानों को दिया, उससे पिछड़ा वर्ग के कल्याण की उम्मीद नहीं की जानी चाहिए। भाजपा ने 2014 में पिछड़े के बेटे को देश का प्रधानमंत्री बनाया, हरियाणा में मुझ जैसे पिछड़े व गरीब परिवार के बेटे को यह मौका दिया। देश और प्रदेश में पिछड़ों के कल्याण केवल भाजपा के रहते हुए ही संभव हो सकता है। 

भाजपा ने दी बिना खर्ची पर्ची के नौकरी देने वाली सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले जिस नौकरी के लिए युवाओं को अपनी जमीन बेचनी पड़ती थी आज वह योग्यता के आधार पर बिना खर्ची पर्ची के मिल रही हैं। जो केवल भाजपा के सत्ता में आने के बाद ही संभव हो पाया। भाजपा ने सत्ता में आने पर सरकार स्तर पर महापुरुषों की जयंती मनाने की पहल की।  केस कला व कौशल बोर्ड का गठन किया है। मिट्‌टी कला बोर्ड बनाया। एक लाख रुपए से कम आय वाले गरीब परिवार व बुजुर्ग को 1 हजार किलोमीटर फ्री बस यात्रा के लिए सरकार ने हैप्पी योजना शुरू की है। 1.80 लाख से कम इनकम वाले 1 लाख गरीब परिवारों को लाभ देने का लक्ष्य रखा है। कांग्रेस 24 घंटे बिजली देने का दावा केवल दावा ही करती थी, लेकिन कर नहीं पाई। हमने बिजली व्यवस्था में सुधार किया है। सरपंचों की विकास कार्यों में खर्च की लिमिट को बढ़ाया गया है।  2022 में पंचायत राज में पिछड़ा वर्ग को बढ़ाने का काम किया है, उनके हकों बढ़ाने का काम किया।  

अंबेडकर के नाम से बनेगा सामुदायिक केंद्र 

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम से सामुदायिक केंद्र बनाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरका सबका साथ, सबका विकास की भावना के साथ काम कर रही है। जो सत्ता में बैठकर जातिवाद, क्षेत्रवाद व भ्रष्टाचार का खेल खेलने वालों को रास नहीं आ रही। मुख्यमंत्री ने बजट में मिट्टी कला बोर्ड का बजट बढ़ाने पर विचार करने और कुम्हार धर्मशाला में शेड के लिए 21 लाख रुपये का अनुदान देने की घोषणा की। 

5379487