Logo
हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश में अब एक लाख से कम आय वाले व्यक्तियों को निशुल्क सोलर पैनल की सुविधा दी जाएगी। राज्य सरकार इस सुविधा को लेकर काम कर रही है। वह सीएम नहीं है, उन्हें तो पार्टी ने लोगों की सेवा के लिए यह जिम्मेदारी दी है।

Panchkula: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश में अब एक लाख से कम आय वाले व्यक्तियों को निशुल्क सोलर पैनल की सुविधा दी जाएगी। राज्य सरकार इस सुविधा को लेकर काम कर रही है। वह सीएम नहीं है, उन्हें तो पार्टी ने लोगों की सेवा के लिए यह जिम्मेदारी दी है। उन्होंने पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर निशाना साधते हुए कहा कि वे अपने बेटे को सैट करने में जुटे हैं। पहले की सरकारें दिल्ली से चलती थी। लोकसभा चुनाव में कांग्रेसी नेताओं ने झूठ बोलकर सत्ता हासिल करने की कोशिश की। जनता कांग्रेस के नेताओं को समझ चुकी है। सीएम नायब सैनी शुक्रवार को सबसे बड़ी पंचायत कार्यक्रम में बोल रहे थे।

हरियाणा में विकास को मिली नई गति

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि पिछले दस सालों में प्रदेश के विकास को नई गति मिली है। भाजपा ने बिना भेदभाव के हर जिले का विकास करवाया है। पहले प्रदेश के एक कोने से दूसरे कोने तक में घंटों का समय लगता था लेकिन अब तीन-साढ़े तीन घंटे में ही एक से दूसरे कोने तक पहुंचना बेहद आसान है। भाजपा के विकास का पहिया निरंतर घूम रहा है। पहले की सरकारों ने प्रदेश के हर नागरिक के साथ भेदभाव किया। हम जनता को 24 घंटे तक बिजली उपलब्ध करवा रहे हैं। वे अपने दस सालों का हिसाब दें जो हमसे मांग रहे हैं। योजनाबद्ध तरीके से लोगों को सुविधाएं दी जा रही हैं। हमने बातें नहीं की, काम किया है।

भाजपा ने 3 हजार पेंशन देने का काम किया

सीएम नायब सैनी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में बुजुर्गों को केवल 500 रुपए पेंशन मिलती थी। कांग्रेस ने राज्य में सरकार जाने से पहले वोट के लालच में यह पेंशन बढ़ाकर एक हजार रुपए की थी। मगर जनता ने उनके वायदे पर यकीन नहीं किया। इसी वजह से उस सरकार की 2014 में राज्य से विदाई हो गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने बुजुर्गों का मान बढ़ाने का काम किया। अब हर बुजुर्ग को तीन हजार रुपए पेंशन मिल रही है। भाजपा सरकार में अब रिकॉर्ड बुजुर्गों को बिना किसी झंझट के पेंशन की सुविधा मिल रही है। मुझे भाजपा ने बड़ी जिम्मेदारी दी है। बिना किसी भेदभाव के हर व्यक्ति का काम कर रहे हैं।

संविधान की मूल भावना से खिलवाड़ किया

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस हमेशा संविधान की मूल भावना के साथ खिलवाड़ करती रही। जबकि वोट के फायदे के लिए कांग्रेस भाजपा पर झूठे आरोप लगा रही है। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय जवाहर लाल नेहरु ने सबसे पहले संविधान की मूल भावना के साथ खिलवाड़ किया था। तब संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेड़कर ने नेहरू का विरोध किया था। एमरजेंसी के दौरान 39वें संशोधन में भी संविधान के साथ खिलवाड़ किया गया। अब कांग्रेस का झूठ नहीं चलेगा। पीएम नरेंद्र मोदी ने ही डॉ. भीमराव अंबेड़कर को सम्मान देने का काम किया।

60 साल तक कांग्रेस ने किया शोषण

सीएम नायब सैनी ने पिछड़े के शोषण को लेकर कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि यह पार्टी 60 साल तक दलित व पिछड़ों के वोट पर राज करती रही। मगर कभी उन्हें सम्मान नहीं दिया। वे खुद पिछड़े गरीब परिवार से आते हैं। भाजपा ने उन्हें प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाकर पिछड़े व दलितों को सम्मान देने का काम किया है। पीएम मोदी ने एक गरीब परिवार के बेटे को कार्यकर्ता से उठाकर मुख्यमंत्री बनाया है। यह काम केवल मोदी जैसा व्यक्ति ही कर सकता है। कांग्रेस तो यह बात बोल भी नहीं सकती कि वे सत्ता में आने पर किसी पिछड़े व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनाएंगे।

आप तो कांग्रेस से भी चार कदम आगे

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि आप तो कांग्रेस से भी चार कदम आगे है। उन्होंने नाम लिए बिना कहा कि आप के मुख्यमंत्री पानी पी पीकर कांग्रेस को गाली देते थे। अन्ना हजारे के मंच से जिसने कसम खाई, अगर मुख्यमंत्री के उपर एक दाग भी लगा तो त्यागपत्र देकर जांच करवाउंगा। अब दिल्ली के मुख्यमंत्री खुद भ्रष्टाचार में लिप्त है। जांच एजेंसियां भी इसके सबूत दे चुकी हैं। मैं मुख्यमंत्री नहीं हूं, मुझे तो पार्टी ने यह जिम्मेदारी दी है। मैं तो पार्टी की जिम्मेदारी का निर्वहन कर रहा हूं। मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठकर जनता के लिए काम कर रहा हूं। भाजपा सरकार लगातार सुधार कर रही है। हमने अंग्रेजों के समय से चल रहे कानून को बदला। अब पीएम मोदी ने अंग्रेजो की चलाई व्यवस्था को बदला है।

5379487