Haryana Assembly Election: हरियाणा में कांग्रेस ने चित्रा सरवारा को पार्टी से बाहर कर दिया है। बता दें कि चित्रा सरवारा को पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त पाया गया, जिसके बाद कांग्रेस ने चित्रा सरवारा से किनारा कर लिया है। कांग्रेस से टिकट न मिलने के बाद चित्रा सरवारा ने अंबाला कैंट विधानसभा सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला लिया है। फिलहाल पार्टी ने उन्हें 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है।

ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी ने जारी किया पत्र

कांग्रेस पार्टी ने परविंदर परी को अपना उम्मीदवार बनाया है। अंबाला कैंट से ही भाजपा के पूर्व गृह मंत्री अनिल विज भी चुनावी मैदान में उतरे हैं। ऐसे में दोनों का आमना-सामना है। बता दें कि चित्रा सरवारा अंबाला सिटी से कांग्रेस कैंडिडेट निर्मल सिंह की बेटी हैं। चित्रा सरवारा के खिलाफ ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी की तरफ से एक आधिकारिक पत्र भी जारी किया गया है। इस पत्र के जरिये कांग्रेस कमेटी के सचिव केसी वेणुगोपाल का कहना है कि अंबाला कैंट में कांग्रेस कैंडिडेट और कार्यकर्ताओं की शिकायत के आधार पर ही चित्रा सरवारा के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

Also Read: पूर्व मंत्री बबली ने पंचायत में आकर मांगी माफी, वापस होंगे किसानों पर दर्ज केस

छह साल के लिए पार्टी से बाहर

शिकायत में सामने आया है कि चित्रा सरवारा निर्दलीय चुनाव लड़कर कांग्रेस के अधिकृत कैंडिडेट को नुकसान पहुंचा रही थीं। जांच करने पर चित्रा के खिलाफ सभी आरोप सही साबित हुए, जिसके बाद AICC ने चित्रा की सदस्यता को 6 साल के लिए रद्द कर दिया है।

बता दें कि हरियाणा में विधानसभा चुनाव को लेकर 5 अक्टूबर को वोटिंग होगी और 8 अक्टूबर को नतीजे जारी होंगे। विधानसभा चुनाव को लेकर ही प्रदेश की सियासत गरमाई हुई है। नेताओं का एक दल से दूसरे दल में आने जाने का सिलसिला भी जारी है। वहीं, कई नेता टिकट नहीं मिलने से निर्दलीय चुनाव मैदान में भी उतरे हैं।