Logo
Congress Party Protest in Karnal: हरियाणा के करनाल में गुरुवार को बढ़ते क्राइम रेट के खिलाफ कांग्रेस पार्टी ने प्रदर्शन किया। इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।

Congress Party Protest in Karnal: करनाल में आज गुरुवार को बढ़ते अपराध के मामलों को लेकर कांग्रेस पार्टी सड़कों पर उतर आई। कांग्रेस नेता त्रिलोचन सिंह के नेतृत्व में कई कार्यकर्ता इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। कांग्रेस ने बीजेपी सरकार पर करनाल की कानून व्यवस्था को खराब करने का आरोप लगाया और इसके साथ सीएम नायब सिंह सैनी से इस्तीफे की भी मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि 2 जुलाई को कुटेल में क्राइम ब्रांच के एएसआई की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। त्रिलोचन सिंह ने इस घटना को कानून व्यवस्था की असफलता बताते हुए कहा कि जब पुलिस अधिकारी ही सुरक्षित नहीं हैं तो यहां पर आम जनता कैसे सुरक्षित रहेगी। उन्होंने आगे कहा कि तीन दिन पहले भी औगंध में एक दुकानदार पर फायरिंग की गई थी, लेकिन दुकानदार बाल-बाल बच गया था।

सीएम सैनी से मांगा इस्तीफा

इस प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गेट पर ही रोकने की कोशिश की, लेकिन वह सचिवालय के अंदर घुसने में कामयाब हो गए। इसके साथ प्रदर्शनकारियों ने सीएम सैनी को कानून व्यवस्था संभालने में असफल बताते हुए कहा कि सीएम को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए या फिर कानून व्यवस्था को ठीक करने को लेकर ध्यान देना चाहिए।

त्रिलोचन सिंह ने लगाए प्रशासन पर आरोप

त्रिलोचन सिंह ने कहा कि आए दिन करनाल में अपराधियों के हौंसले बढ़ते जा रहे हैं। दिनदहाड़े फायरिंग और  स्नैचिंग की घटनाएं आम बात हो गई है, लेकिन कानूनी तौर पर इसके लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। उन्होंने ये भी आरोप लगाया कि प्रशासन ओर से इन घटनाओं पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है, जिस वजह से अपराधियों के हौंसले दिनों-दिन बढ़ते दिखाई दे रहे हैं।

Also Read: करनाल में क्राइम ब्रांच के ASI की गोली मारकर हत्या, घर से बाहर टहलने के लिए निकले थे

जनता के साथ खड़ी है कांग्रेस पार्टी

त्रिलोचन सिंह ने करनाल की जनता की सुरक्षा को लेकर अपनी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यदि सरकार जल्द ही कोई कदम नहीं उठाती है तो कांग्रेस पार्टी इसके खिलाफ और भी बड़े पैमाने पर प्रदर्शन करेगी। उन्होंने राज्य सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के साथ खड़ी है और उनकी सुरक्षा के लिए हर संभव प्रयास करेगी।

5379487