Logo
किसानों के दिल्ली कूच को लेकर हरियाणा के दातासिंहवाला बार्डर पर दोपहर को किसानों व फोर्स के बीच संघर्ष बढ़ गया। किसानों ने बैरिकेड्स तोड़कर आगे बढ़ने का प्रयास किया तो पुलिस ने आंसू गैस व पानी की बौछारों का प्रयोग कर रोक दिया। किसानों की तरफ से भी पुलिस पर पत्थर बरसाए गए। दोनों तरफ से हुए संघर्ष में दर्जनों किसानों व पुलिस कर्मियों के घायल होने की सूचना है। 

 जींद। पटियाला जींद राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने दातासिंहवाला बार्डर पर दिल्ली कूच पर अड़े किसानों व पुलिस के बीच संघर्ष अचानक बढ़ गया। किसानों ने दिल्ली कूच से रोकने के लिए तैनात फोस पर पथराव किया तो पुलिस ने भी किसानों को रोकने के लिए आंसू गैस व वाटर कैनन का प्रयोग किया। संघर्ष में दर्जनों किसान व पुलिस कर्मियों के घायल होने की सूचना है। इससे पहले सुबह हुए संघर्ष में एक किसान व किसानों की तरफ से हुए पथराव में दो पुलिस कर्मी घायल हो गए थे।

पहले दो दिन भी हुआ था संघर्ष 

दिल्ली कूच के लिए 13 फरवरी को पंजाब से निकले किसानों को हरियाणा सरकार ने शंभू व दातासिंहवाला बार्डर पर रोक दिया था। जिससे किसानों व पुलिस के बीच संघर्ष देखने को मिला था। पहले दो किसानों व पुलिस के बीच हुए संघर्ष में कई पुलिस कर्मी व किसान घायल हुए थे। इसके बाद छुटपुट घटनाओं को छोड़कर दोनों जगह शाति बनी रही थी।

अब तक तीन की हाे चुकी है मौत

किसान आंदोलन पार्ट टू में अब तक जीआरपी के एक एएसआई, हरियाणा पुलिस के एक एएसआई व एक पंजाब के वृद्ध किसान सहित तीन लोगों की जान जा चुकी है। किसानों व केंद्र के बीच चली चार दौर में हुई बातचीत के दौरान रविवार को किसानों व केंद्र के बीच सहमति बनी थी, परंतु सोमवार को किसानों ने केंद्र के प्रस्ताव को ठुकराकर एक बार फिर 21 फरवरी को दिल्ली कूच करने का ऐलान कर दिया था।

विधानसभा में हो सकता है घमासान

किसानों का मुद़दा 20 फरवरी को शुरू हुए हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र में भी घमासान देखने को मिल सकता है। हरियाणा सरकार प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था का हवाला देकर जहां ट्रैक्टर ट्रॉली व हथियारों के साथ किसानों को हरियाणा में प्रवेश नहीं करने पर अपनी मंशा स्पष्ट कर चुकी है तो कांग्रेस, आम आदमी पार्टी व इनेलो खुलकर किसानों के समर्थन में खड़ी दिखाई दे रही है। जिससे किसानों के मामले में सत्तापक्ष व विपक्ष के बीच घमासान देखने को मिल सकता है।

5379487