Logo
हरियाणा में शनिवार का दिन किसानों के लिए आफत भरा रहा। प्रदेश के 10 जिलों में हुई ओलावृष्टि व बरसात ने किसानों के अरमानों पर पानी फेर दिया। मौसम विभाग की माने तो किसानों की फसलों पर मंडरा रहा आसमानी खतरा अभी टला नहीं है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ती जा रही है। 

 टीम हरिभूमि। पश्चिमी विक्षोब की सक्रियता शनिवार को हरियाणा में आफत बनकर आई। रोहतक, जींद, हिसार, भिवानी, सिरसा, चरखी दादरी, फतेहाबाद, पानीपत, करनाल व सोनीपत सहित 10 जिलों में बरसात के साथ हुई ओलावृष्टि ने किसानों के अरमानों पर पानी फेर दिया। बरसात से ओलावृष्टि से खेतों में खड़ी किसानों की गेहूं व सरसों की फसले जमीन पर बिछा दिया। मौसम विभाग की रविवार को भी बरसात व बूंदाबांदी की संभावना व्यक्त कर किसानों की चिंताओं को और बढ़ा दिया है। बरसात व ओलावृष्टि से न्यूनतम तापमान में 6 डिग्री से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। ओलावृष्टि के बाद किसानों को हुए नुकसान को देखते हुए प्रदेश सरकार सक्रिय हुई तथा कृषि मंत्री ने किसानों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि किसानों को चिंता करने की जरूरत नहीं है, क्योंकि ओलावृष्टि से नुकसान किसानों को नहीं सरकार को हुआ है तथा सरकार नुकसान की पूरी भरपाई करेगी। 

जींद में सर्वाधिक 100 एमएम बरसात 

जींद के नरवाना में सर्वाधिक 100 एमएम बरसात और रोहतक में 53 एमएम बरसात दर्ज की गई। अंबाला में 32, हिसार में 30 एमएम बरसात दर्ज की गई। शनिवार को हिसार में तीन, जींद में दो बार ओलावृष्टि हुई तथा जिले के अधिकतर गांव ओलावृष्टि हुई। इससे पहले गत माह 19 मार्च को भी हिसार में ओलावृष्टि हो चुकी है। हिसार में 11 दिन में तीसरी बार ओले गिरे हैं। आदमपुर, उकलाना, बरवाला, बालसमंद एरिया के गांवों में सबसे अधिक ओलावृष्टि हुई है। इससे पहले 19 फरवरी को ओलावृष्टि हुई। इसके बाद एक मार्च को ओले गिरे थे। मौसम विभाग के मुताबिक, हिसार के 60, भिवानी के 70 और दादरी के 15 गांवों में ओलावृष्टि हुई। 

बरसात से भी नुकसान

10 जिलों में बरसात के साथ हुई ओलावृष्टि के अलावा अंबाला, कुरूक्षेत्र व यमुनानगर में बरसात के कारण फसलों को नुकसान होने की सूचनाएं है। प्रदेश में बरसात व ओलावृष्टि से लाखों एकड़ में खड़ी फसलों को नुकसान की सूचनाएं हैं।

निश्चिंत रहे किसान: जेपी दलाल

हरियाणा के कृषि मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि ओलावृष्टि व बरसात से फसलों को हुए नुकसान की किसानों को चिंता करने की जरूरत नहीं है। ओलावृष्टि से किसानों को नहीं, बल्कि सरकार को नुकसार हुआ है तथा सरकार इसकी स्वयं भरपाई करेगी। किसान बिल्कुल निश्चिंत रहे। इसके लिए उपायुक्तों को आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं। 

तत्काल गिरदावरी करवाए सरकार

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि सरकार ओलावृष्टि व बरसात से किसानों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए तत्काल गिरदावरी करवाए। अन्य विपक्षी नेताओं ने भी सरकार से जल्द गिरदावरी करवाकर किसानों को हुए नुकसान की भरपाई करने की मांग उठाई। 
 

5379487