Haryana ED Raid: हरियाणा के यमुनानगर से इनेलो के पूर्व विधायक दिलबाग सिंह को ईडी ने गिरफ्तार कर लिया है। दिलबाग सिंह के घर पर लगभग पांच दिन से ईडी की रेड चल रही थी, जो अब खत्म हो गई। यह रेड आज सोमवार दोपहर करीब एक बजे खत्म हुई और इसके बाद दिलबाग सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया।

मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत केस दर्ज

ईडी की ओर से मिले दस्तावेज में लिखा गया है कि दिलबाग सिंह को सोमवार दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर गिरफ्तार किया गया है। ईडी की टीम की तरफ से दिलबाग सिंह सहित उनके परिजनों के चार आईफोन भी जब्त किए गए हैं। वहीं, दिलबाग सिंह के करीबी कुलविंदर सिंह को भी अरेस्ट किया गया। ईडी ने दिलबाग सिंह के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।  

दिलबाग सिंह के घर और दफ्तर में ईडी की की तैनाती

गिरफ्तारी से पहले ही इनेलो नेता दिलबाग सिंह के दफ्तर के बाहर काफी हलचल बढ़ गई थी। इस हलचल को देखते हुए अंदाजा लगाया जा रहा था कि ईडी की टीम दिलबाग सिंह को गिरफ्तार करने वाली है। फिर कुछ ही देर में ईडी के अफसर उन्हें साथ लेकर निकल गए। बता दें कि ईडी की आधी टीम, इससे पहले शुक्रवार को दिलबाग सिंह के दफ्तर से ही निकल गई थी, लेकिन ईडी की कुछ गाड़ियां विधायक के दफ्तर के बाहर ही खड़ी थी।

दिलबाग सिंह के घर से करोड़ रुपये और सामान बरामद

बता दें कि 4 जनवरी, 2024 को ईडी की टीम ने दिलबाग सिंह के कई ठिकानों पर एक साथ रेड डाली थी। इस दौरान उनके घर से विदेशी हथियार, शराब और सोने के अलावा, 5 करोड़ रुपये कैश मिला था। इसके बाद से ही लगातार उनके घर पर ईडी की टीम तैनात थी।

Also Read: Delhi: अब DJB हर बुधवार बनाएगा जल अवजल सुनवाई दिवस, शिकायतों का तुरंत होगा समाधान

दिलबाग सिंह का बिजनेस

48 साल के दिलबाग सिंह दो बार इनेलो विधायक रह चुके हैं। 2009 में दिलबाग सिंह ने पहला चुनाव लड़ा और जीता था। फिर दोबारा 2014 में भी वह चुनाव जीते, लेकिन 2019 में हार गए। इनेलो नेता अभय चौटाला दिलबाग के समधी हैं। दिलबाग की बेटी की शादी अभय चौटाला के बेटे अर्जुन चौटाला से हुई थी। दिलबाग सिंह ने साल 1994 में कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी से बीए की पढ़ाई की थी और उनका ट्रांसपोर्ट और माइनिंग का बिजनेस है।