Exclusive: हरियाणा विधानसभा चुनाव में जीत को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) पूरी तरह से आश्वस्त है। दावे किये जा रहे हैं कि 2024 में भाजपा न सिर्फ 50 से ज्यादा सीटें जीतेगी, बल्कि तीसरी बार सरकार भी बनाएगी। यह भरोसा जताया है हरियाणा के वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने, जो खुद नारनौंद से चुनाव मैदान में हैं। हरियाणा के फाइनल रण से पहले हरिभूमि के प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी से विशेष साक्षात्कार में कैप्टन अभिमन्यु ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला और कहा कि प्रदेश में कांग्रेस का आना लोकहित में नहीं है। जनता जान चुकी है कि कांग्रेस का सत्ता में आना मतलब हरियाणा को लुटेरों के हाथों में सौंपना है। यहां पढ़ें पूरा इंटरव्यू विस्तार से...

सवाल: 2019 में भाजपा 75 पार के लक्ष्य को लेकर चली थी लेकिन 40 पर सिमट गई थी। 2024 में आप क्या संभावनाएं देख रहे हैं?
कैप्टन अभिमन्यु:
2024 में भारतीय जनता पार्टी की तीसरी बार सरकार बनने जा रही है। हमने अतीत की गलतियों से बहुत कुछ सीखा और चुनावी रणनीतियों में परिवर्तन किया। इसी परिवर्तन से आज हम पूरी तरह आस्वस्त हैं कि 8 अक्टूबर को हम 50 से भी अधिक सीटें जीतकर अपनी सरकार बनाएंगे।

सवाल: आपके आत्मविश्वास की बुनियाद क्या है? 
कैप्टन अभिमन्यु: हमारा कामकाज। केंद्र और राज्य सरकार के कामकाज से जनता बहुत अधिक संतुष्ट है। हमने सबका साथ सबका विकास संकल्प के साथ जनता का दिल जीता  है। हमने अपनी चूकों और रणनीतियों को ठीक किया है। हरियाणा में एक परंपरा भी रही है कि दिल्ली में जिस पार्टी की सरकार बनती है, कमोबेश उसी पार्टी की सरकार चंडीगढ़ में भी बनती है। दिल्ली में नरेंद्र मोदी जी की सरकार है और हरियाणा में जो सरकार बनेगी वह भी भाजपा की होगी। आज भी हमारी डबल इंजन की सरकार चल रही है।

सवाल: आपने सभी पुरानी चूकों को ठीक किया लेकिन कांग्रेस के हौंसले भी बहुत बुलंद हैं, कांग्रेस को किस उम्मीद के साथ देख रहे हैं आप?
कैप्टन अभिमन्यु: 
लोकसभा चुनाव के परिणाम के बाद वे अति उत्साह में आ गए थे। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को जो एक बुलबुला मिला था वह बुलबुला अब हवा हवाई होते हुए दिखाई दे रहा है। उस समय भाजपा को जो वोट शेयर मिला था वह शेयर हमारे काम का था जबकि कांग्रेस ने झूठ बोलकर अपना वोट शेयर लिया और 5 सीटें जीतीं। इस समय भाजपा की स्थिति कांग्रेस से ज्यादा मजबूत है और हम पूरी तरह आश्वस्त हैं कि हमारी ही सरकार बनने जा रही है।

सवाल: कुलदीप बिश्नोई, किरण चौधरी जैसे नेताओं के जाने से अब भूपेंद्र हुड्डा फ्री हैंड हो गए हैं। वे स्वतंत्र रूप से पूरे मैदान में अकेले हैं। अब कोई कांग्रेस आपस में नहीं लड़ रही। क्या आपको नहीं लगता कि भाजपा के लिए मुश्किल खड़ी हो गई है?
कैप्टन अभिमन्यु: 
भूपेंद्र हुड्डा ने कांग्रेस को हरियाणा में खत्म कर दिया है। कांग्रेस के पुराने लीडर्स अपने-अपने क्षेत्र में छत्रप की तरह लड़ाई लड़ते थे जिसका लाभ कांग्रेस को मिलता था। भूपेंद्र हुड्डा ने या तो सभी छत्रपों को बाहर कर दिया है या उन्हें साइड लाइन कर दिया है। इससे कांग्रेस की वोट खींचने की रणनीति अब सीमित हो गई है। लेकिन जिस तरह भूपेंद्र हुड्डा ने अपने लोगों को टिकट दिलाई और वे बिना किसी प्रेशर के चुनाव पर फोकस कर रहे हैं तो क्या इसका लाभ कांग्रेस को बिल्कुल भी नहीं मिलेगा? आप इस बात को समझिए कि पहले कांग्रेस के छत्रप अपने-अपने क्षेत्र में लीडर्स और मुख्यमंत्री के नाम पर वोट मांगते थे और उन्हें इसका लाभ मिलता भी था। अब भूपेंद्र हुड्डा भी अपने क्षेत्र तक ही सीमित हैं। आज पूरे हरियाणा के सर्व समाज में उनकी स्वीकारोक्ति नहीं है। इससे कांग्रेस की व्याप्ति कम रह गई है जो कांग्रेस की हार का कारण बनेगी।

सवाल: भूपेंद्र हुड्डा अपनी और आपकी सरकार के 10 साल के कार्यों का अंतर गिनाते हुए कहते हैं कि हरियाणा की जनता उन्हें सत्ता में लाने को लालायित है, इस बारे में क्या कहेंगे आप?
कैप्टन अभिमन्यु:
जनता लालायित नहीं है, केवल दलाल लालायित हैं। जो लोग नौकरियां बेचते थे और कमीशन को लेकर जिनकी हथेलियों में खुजली होती थीं केवल वे लोग कांग्रेस को सत्ता में देखने को लालायित हैं। कांग्रेस के 10 साल के शासनकाल में किसानों को 2 रुपए 5 रुपए का मुआवजा मिलता था। सरकार पर खिलाड़ियों का 100 करोड रुपए बकाया था। 2014 में आकर हमने यह राशि खिलाड़ियों को दी। आज जनता कांग्रेस को सत्ता में लाने के लिए लालायित नहीं है बल्कि कांग्रेस को बाहर करने के लिए संकल्पित है। आप देखिए कि किस तरह कांग्रेस के लोग खुलेआम घोषणा कर रहे हैं कि यदि उनकी सरकार बनी तो नौकरियां बेचेंगे और अपना घर भरेंगे। तो ऐसी स्थिति में जनता लालायित नहीं है केवल कांग्रेस लालायित है।

सवाल: कांग्रेस के लोग खुलेआम वोट के बदले नौकरियां बेचने की बात कर रहे हैं। दूसरी ओर भाजपा के लोग हैं जो बिना खर्ची पर्ची और मेरिट की बातें कर रहे हैं। क्या कांग्रेस कि इस रणनीति से आप पर दबाव नहीं बन रहा?
कैप्टन अभिमन्यु:
अच्छी बात है कांग्रेस इस तरह का प्रचार करती रहे। यह कांग्रेस की पुरानी कल्चर है जिसका प्रदेश के लोगों के सामने एक बार फिर पर्दाफाश हो गया है। भाजपा का संकल्प है कि हम बिना खर्ची पर्ची और मेरिट के आधार पर 36 बिरादरी के लोगों को दो लाख नौकरियां देंगे और किसी भी सूरत में कोई समझौता नहीं करेंगे। आज गरीब आदमी का विश्वास बढ़ा है कि भाजपा सरकार सबकी है और बिना भेदभाव के सबको नौकरियां देती है। पूरे हरियाणा के लोग कांग्रेस की बंदरबांट को पसंद नहीं करते। जनता इन्हें रिजेक्ट कर रही है।

सवाल: लोकसभा चुनाव से पहले हरियाणा में चेहरा बदला गया, सरकार का स्वरूप भी बदला गया। साढ़े चार साल मनोहर जी मुख्यमंत्री रहे फिर सैनी जी आए, इस प्रयोग को आप किस निगाह से देखते हैं?
कैप्टन अभिमन्यु:
मेरा मानना है कि यह बहुत अच्छा प्रयोग हुआ है। मनोहर लाल जी ने साढ़े 9 वर्ष तक बहुत अच्छा कार्य किया, अब उनकी केंद्र में आवश्यकता थी। नई आशाओं और नए संकल्पों के साथ नेतृत्व आगे बढ़ता है। नायब सिंह जी को नेतृत्व दिया गया तो वे नई ऊर्जा के साथ कार्य कर रहे हैं और उन्हें सबने स्वीकार भी किया है।

सवाल: इस बदलाव में साढ़े चार साल सरकार का हिस्सा रही जेजेपी और उनके मुखिया दुष्यंत चौटाला अब आपके सामने मैदान में हैं, उनके बारे में क्या देख रहे हैं आप?
कैप्टन अभिमन्यु:
वे कहीं दिखाई नहीं दे रहे। बिल्कुल सामने हैं फिर भी दिखाई नहीं दे रहे। उन्होंने अपने पांव पर नहीं बल्कि अपनी गर्दन पर कुल्हाड़ी मारी है। चौधरी देवी लाल जी जिस तरह की निस्वार्थ राजनीति किया करते थे, उन्होंने उन सिद्धांतों को सत्ता की नोक  पर रख दिया। उसी का परिणाम है कि वे आज कहीं दिखाई नहीं दे रहे। 

सवाल: जब आप वित्त मंत्री थे तो उस समय के नारनौंद और आज के नारनौंद में कितना अंतर आ गया है?
कैप्टन अभिमन्यु:
जब हमें 5 साल सेवा करने का मौका मिला तो हमने हर तरीके से नारनौंद के बुनियादी ढांचे को सुधारने का काम किया। सब डिवीजन बनाया, तहसील बनाई, सब तहसील बनाई और पूरे पांच वर्ष तक जमकर विकास कार्य करवाए। नारनौंद में स्कूल कॉलेज बनाए, मंडियां बनाईं, आईटीआई बनाई, सड़कों का विकास किया और पीने का पानी हर गांव में पहुंचाया गया। सिंचाई की सुविधाओं का विकास किया। अब 5 साल के गैप के बाद फिर जनता के बीच आए हैं। जनता के मन में है कि इस बार फिर अभिमन्यु को मौका दें। नारनौंद की जनता ने इसे अपना चुनाव मान लिया है। मुझे 36 बिरादरी का स्नेह और आशीर्वाद निरंतर मिल रहा है। आज मुझसे ज्यादा मेहनत नारनौंद का बच्चा-बच्चा कर रहा है। सही मायने में यह चुनाव जनता जनार्दन बनाम कांग्रेस के बीच का चुनाव बन गया है।

सवाल: 5 साल यहां से रामकुमार गौतम जी विधायक थे। अब वे सफीदो से मैदान में हैं?
कैप्टन अभिमन्यु:
रामकुमार गौतम जी निश्चित रूप से हमारे क्षेत्र की बड़ी राजनीतिक हस्ती हैं और उनकी अपनी टीम है, उनके आने से हमारी शक्ति बढ़ी है। गौतम जी सफीदों भी जीतेंगे, नारनौंद से भी जीतेंगे और हमारे ही भाई हांसी से भी जीतेंगे।

सवाल: जब सभी जगह आप ही जीतेंगे तो कांग्रेस कैसे सरकार बनाएगी?
कैप्टन अभिमन्यु:
कांग्रेस का आना लोक हित में नहीं है। प्रदेश की जनता भी जान चुकी है कि कांग्रेस का सरकार बनाना मतलब राज्य को लुटेरों के हाथों में सौंपना है।

सवाल: पहले जब कैप्टन अभिमन्यु चुनाव लड़ते थे तो उनके पास एक रोड मैप होता था। इस बार नारनौंद की जनता के लिए आपके पास कौन सा रोड मैप है, आपके क्षेत्र के कल्याण के लिए कौन सी परिकल्पना है आपके पास? 
कैप्टन अभिमन्यु: अपने क्षेत्र के नौजवानों को रोजगार देना मेरी सबसे बड़ी प्राथमिकता होगी। इसके लिए मैं उद्योग, कारखाने और फैक्ट्री यहां लाने का प्रयास करूंगा। रोजगार के लिए यहां अकादमी खोली जाएगी, काउंसलिंग सेंटर बनाए जाएंगे और स्किल डेवलपमेंट को बढ़ावा दिया जाएगा। जो बच्चे रोजगार में हैं उन्हें और बेहतर प्लेसमेंट देने के लिए हम स्किल डेवलपमेंट को बढ़ावा देंगे।

सवाल: हरियाणा के संदर्भ में जब भी बातचीत होती है तो कैप्टन अभिमन्यु को एक बड़ी संभावना के तौर पर देखा जाता है। आप इस संभावना को लेकर कितने दबाव में रहते हैं?
कैप्टन अभिमन्यु: कोई दबाव नहीं होता। मैं केवल पार्टी का कार्यकर्ता हूं, जो काम पार्टी देती है, उसे पूरी ईमानदारी से करता हूं। पार्टी के आदेश पर ही चुनाव लड़ रहा हूं। 8 अक्टूबर के बाद पार्टी जो काम देगी, हम उसी में पूरी शिद्दत से लग जाएंगे।