Farmer Protest in Ambala: अंबाला में किसानों ने मंगलवार को परिवहन मंत्री असीम गोयल का विरोध किया। आज असीम गोयल जिले में लोकसभा उम्मीदवार बंतो कटारिया के चुनाव प्रचार में शामिल हुए। इसी दौरान भारतीय किसान यूनियन शहीद भगत सिंह के सदस्यों ने उन्हें घेर लिया और उनसे सवाल पूछने लगे। किसानों ने उनसे सवाल किया कि हमारे पासपोर्ट रद्द करने और जमीन कुर्क करने जैसे आदेश दिए गए हैं। किसानों की मांगें भी अधूरी हैं। किसानों ने सिलसिलेवार कई सवाल दाग दिए। 

असीम गोयल गोयल ने दिया आश्वासन

असीम गोयल ने किसानों से बातचीत कर इन सवालों का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि किसान भाईयों की जो भी परेशानी हैं, वो सभी लिखकर दें। वो सभी परेशानियों का समाधान निकालने का प्रयास करेंगे। इस पर किसानों ने आरोप लगाया कि किसान अभी तक विरोध कर रहे हैं, धरना दे रहे हैं, लेकिन अभी तक किसानों की मांगों को अनसुना किया जा रहा है। इस पर असीम गोयल ने किसानों से निवेदन करते हुए कहा कि इस मामले में उनका सीधे तौर पर कोई भागीदारी नहीं थी। उन्होंने कहा कि आप अपनी समस्याएं मुझे लिखकर दें, ताकि मैं आप लोगों की समस्याओं का समाधान निकालने में मदद कर सकूं।

कैथल में किसान हुए गिरफ्तार

हरियाणा में सरकार के खिलाफ कई जगह चुनाव प्रचार के दौरान विरोध जारी ही है। वहीं दूसरी तरफ सीएम नायब सैनी कैथल के कार्यक्रम में शामिल हुए थे। वहां के किसानों ने भी सीएम का विरोध किया। इस विरोध के दौरान कई किसानों को कार्यक्रम स्थल चीका अनाज मंडी के गेट से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

अशोक तंवर के काफिले पर हमला

वहीं, हरियाणा के सिरसा लोकसभा से बीजेपी उम्मीदवार डॉ. अशोक तंवर के काफिले पर किसानों और ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इस दौरान किसानों और पुलिस के बीच भी झड़प हुई। साथ ही अशोक तंवर के काफिले की गाड़ियों पर डंडे बरसाए गए।

Also Read: हरियाणा लोकसभा चुनाव 2024, एसपी ने दिए पुलिस अधिकारियों को दिशा निर्देश 

दरअसल, सिरसा लोकसभा से बीजेपी उम्मीदवार डॉ. अशोक तंवर रविवार को चुनाव प्रचार करके वापस लौट रहे थे। इस दौरान रास्ते में संतनगर में किसानों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन उनका काफिला नहीं रुका, तो किसानों ने गाड़ियों पर डंडे बरसा दिए। उधर, हिसार से जेजेपी प्रत्याशी नैना चौटाला को भी किसानों के विरोध का सामना करना पड़ रहा है। हाल में उनके काफिले पर पथराव हुआ था। किसान नेता राकेश टिकैत ने इस घटना की निंदा की है। उन्होंने हिसार में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि किसी भी प्रत्याशी का विरोध करना गलत है। उन्होंने स्पष्ट किया था कि संयुक्त किसान मोर्चा की ऐसी घटनाओं में भागीदारी नहीं है और न ही ऐसे प्रदर्शनों का समर्थन करता है। यहां पढ़ें विस्तृत खबर...