Sonipat: साइबर थाना पुलिस ने मोबाइल पर मैसेज भेजकर स्टॉक मार्केट में निवेश का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने मामले में छह आरोपितों को गिरफ्तार किया। आरोपितों पर सोनीपत के कुंडली थाना क्षेत्र के रेजिडेंट को झांसे में लेकर 49.50 लाख रुपए ठगने का आरोप है। गिरफ्तार आरोपितों की शिनाख्त परेड कराई जाएगी। उसके बाद पुलिस उनकी पहचान उजागर करेगी।

पीड़ित को मोबाइल पर निवेश करने का मिला था मैसेज

कुंडली क्षेत्र की सनशाइन काउंटी निवासी रमेश कुमार ने 2 फरवरी को साइबर थाना पुलिस को बताया कि 30 नवंबर 2023 को उनके मोबाइल पर निवेश को लेकर मैसेज आया था। जिसके बाद उन्हें स्टॉक मार्केट में निवेश की स्कीम बताकर झांसे में लिया गया। वह उनकी बातों में आ गया और उनके कहने पर एल्ली वर्ल्ड एप डाउनलोड कर लिया। 21 दिसंबर 2023 को उन्होंने 50 हजार रुपए उनके खाते में डाल दिए। तीन दिन बाद उन्हें 3500 रुपए मुनाफे के दिए थे। 26 दिसंबर 2023 को उन्होंने पांच लाख रुपए डाल दिए। फिर उन्हें 4200 का नुकसान होने की जानकारी दी।

एक के बाद एक करके लाखों रुपए कर डाले निवेश

रमेश कुमार ने बताया कि उसने पांच लाख रुपए डाले तो उनके खाते में 2.17 लाख का मुनाफा दिखाई देने लगा। 29 दिसंबर, 2023 को उनके दिए खाते से 80 हजार रुपए निकाले तो वह उन्हें मिल गए। फिर उन्हें 10 लाख रुपए डालने को कहा गया। फिर पांच लाख और डाल दिए। उसके बाद 5 जनवरी को खाते में 75 हजार रुपए आ गए। अलग-अलग समय में उन्होंने करीब 49.50 लाख रुपए जमा करवा दिए। वह रुपए निकालने गए तो रुपए नहीं निकले। उनसे रुपए वापस देने की एवज में 10 लाख की मांग की जा रही थी। उन्होंने जांच की तो पता लगा कि उनके खाते फर्जी पहचान पत्र पर खुले हैं। तब ठगी का पता लगा। साइबर थाना पुलिस ने उनके बयान पर मुकदमा दर्ज कर लिया।

यूपी, फरीदाबाद व दिल्ली से पकड़े आरोपी

साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक बसंत कुमार की टीम ने मामले में कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के औरैया व आगरा स्थित गांव बाह के साथ ही फरीदाबाद व दिल्ली से आरोपितों को पकड़ा। पुलिस उनसे मामले से जुड़ी जानकारी जुटा रही है। साथ ही उनके साथियों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस मामले में गंभीरता से जांच पड़ताल कर रही है।