Fatehabad: टोहाना ग्रामीण इलाके में दरिंदगी का शिकार हुई मासूम साढ़े 3 साल की बच्ची ने आखिरकार 9 दिनों बाद रोहतक पीजीआई में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। बच्ची को उसके पिता के ही जानकार दो लोगों द्वारा आधी रात को घर से उठाकर उसे अपनी हवस का शिकार बनाया था। अलसुबह बच्ची खून से लथपथ हालत में सड़क किनारे मिली थी। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को दबोच लिया और उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। यह शर्मनाक घटना 29 जून रात की है। तब से बच्ची पीजीआई रोहतक में भर्ती थी।

खेत में मजदूरी करने आए थे जान पहचान के 3 युवक

मासूम बच्ची के माता-पिता ने बताया कि वे मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बहराइच क्षेत्र के रहने वाले हैं। करीब दो माह पहले टोहाना के पास स्थित एक गांव में खेत मजदूरी करने के लिए आए थे। यहां एक जमींदार के खेत में वह रह रहे हैं। 29 जून रात को उनकी जान पहचान के तीन युवक उनके घर आए। वह भी आसपास के गांवों के खेतों में मजदूरी करते हैं। रात को वे वापस चले गए और परिवार सो गया। आधी रात को तीन बजे वह उठा तो देखा कि बच्ची अपने बिस्तर पर नहीं थी। इसके बाद उसने अपनी पत्नी को उठाया और खेत मालिक को भी सूचित किया। सभी ने बच्ची की तलाश शुरू कर दी। बच्ची कुछ ही दूरी पर जाखल रोड पर लहूलुहान हालत में मिली।

एंबुलेंस के माध्यम से बच्ची को लेकर गए टोहाना नागरिक अस्पताल

खून से लथपथ मिली बच्ची ने बताया कि युवकों ने उसके साथ हैवानियत की है। इसके बाद परिजन अल सुबह करीब 4-5 बजे बच्ची को एम्बुलेंस से टोहाना नागरिक अस्पताल ले आए। वहां पुलिस को भी सूचित किया गया। बच्ची की हालत गंभीर थी और उसे प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने पीजीआई रेफर कर दिया। खेत मालकिन ने बताया कि आरोपी इन्हीं की तरह खेतों में काम करते हैं। एक बार तो आरोपी चले गए थे। जब परिवार के लोग सो गए तो पीछे से ही वह बच्ची को उठाकर ले गए।

पुलिस ने 2 आरोपियों को किया गिरफ्तार

टोहाना सदर थाना के एसएचओ देवीलाल ने बताया कि पीड़ित पक्ष खेतों में धान लगाने के लिए काम करते हैं। उनके खेत में बने मकान में मुकेश, सतीश और शंभू नामक तीन लोग आए थे। जहां उन्होंने शराब व मीट आदि की पार्टी की। बाद में शंभू वहां से चला गया। पुलिस ने बताया कि इसके बाद बाकी दोनों आरोपियों ने बच्ची को उठाकर गलत काम किया। दोनों के खिलाफ दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और अपहरण के आरोप में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस मामले में जांच कर रही है।