Haryana: भारतीय चुनाव आयोग के निर्देशानुसार हरियाणा के मुख्य चुनाव अधिकारी द्वारा प्रदेश के सभी 22 ज़िलों में कुल रजिस्टर्ड मतदाताओं की ताज़ा संख्या को इस वर्ष एक जनवरी 2024 की योग्यता तिथि के आधार पर अपडेट किया गया। फाइनल मतदाता सूचियों का प्रकाशन 22 जनवरी को किया गया, जिनके आधार पर हरियाणा में अब कुल 1 करोड़ 98 लाख 34 हजार 602 मतदाता हैं। इस कुल संख्या में सभी 90 विधानसभा हलकों के ट्रांसजेंडर (किन्नर), दिव्यांग, ओवरसीज (एन.आर.आई.) और सर्विस मतदाता भी शामिल हैं। गत वर्ष प्रदेश में मतदाताओं की कुल संख्या 1 करोड़ 96 लाख 58 हजार 234 थी। इस प्रकार बीते एक वर्ष में पूरे प्रदेश में 1 लाख 76 हजार 368 मतदाता बढ़े हैं।

गुरुग्राम में मतदाताओं की दृष्टि से प्रदेश का सबसे बड़ा हलका

पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के एडवोकेट हेमंत कुमार ने भारतीय चुनाव आयोग से आधिकारिक आंकड़े प्राप्त कर उनका अध्ययन और विश्लेषण कर बताया कि जहां तक प्रदेश के 10 लोकसभा हलकों का विषय है, तो इस आधार पर गुरुग्राम लोकसभा क्षेत्र मतदाताओं की दृष्टि से राज्य का सबसे बड़ा हलका है। जहां वर्तमान में कुल मतदाता 25 लाख 5 हज़ार 345 है। हालांकि गुरुग्राम जिले का नाम वर्ष 2016 में बदलकर गुरुग्राम कर दिया गया था, परन्तु लोकसभा और विधानसभा हलके के सन्दर्भ में आज भी इसे गुड़गांव ही कहा जाता है। अगली परिसीमन प्रक्रिया के बाद ही इसका नाम बदलकर गुरुग्राम किया जा सकता है।

फरीदाबाद प्रदेश का दूसरा बड़ा लोकसभा हलका

गुड़गांव के बाद मतदाताओ की दृष्टि से प्रदेश का दूसरा सबसे बड़ा लोकसभा हलका फरीदाबाद है, जहां 23 लाख 60 हज़ार 983 मतदाता है। फरीदाबाद लोकसभा सीट पर फरीदाबाद जिले के 6 विधानसभा हलके - पृथला, फरीदाबाद एन.आई.टी., बड़खल, बल्लभगढ़, फरीदाबाद और तिगांव एवं पलवल जिले के तीन विधानसभा हलके - हथीन, होडल और पलवल पड़ते हैं। जनवरी 2023 में फरीदाबाद ज़िले के 6 विधानसभा हलकों की मतदाता संख्या 16 लाख 53 हज़ार 198 थी, जो बढ़कर 16 लाख 78 हज़ार 826 हो गई है। इस प्रकार गत एक वर्ष में फरीदाबाद ज़िले में मतदाताओं की संख्या 25 हज़ार 628 बढ़ गई है।

रोहतक में मतदाताओं की संख्या घटी

रोहतक लोकसभा हलका में 18 लाख 87 हज़ार 457 मतदाता हैं। इस हलके में रोहतक जिले के चारों विधानसभा हलके - महम, गढ़ी सांपला किलोई, रोहतक और कलानौर हलके, झज्जर जिले के चार - बहादुरगढ़, बादली, झज्जर और बेरी हलके एवं रेवाड़ी जिले का कोसली विधानसभा हलका शामिल है। रोचक बात यह है कि पिछले एक वर्ष में रोहतक ज़िले में मतदाताओं की संख्या 4228, जबकि झज्जर जिले में 2455 मतदाता घट गए है। वहीं, कैथल में 3560 तो कुरुक्षेत्र में 1700 मतदाता घटे।