Logo
हरियाणा में आम आदमी पार्टी शुक्रवार से 90 विधानसभा सीटों में अगले 15 दिनों तक 45 चुनावी रैलियां करेगी। इसकी जानकारी पार्टी के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष ने दी है।

Haryana Assembly Election 2024: हरियाणा में आम आदमी पार्टी आज यानी शुक्रवार से प्रदेश भर में अगले 15 दिनों तक 45 चुनावी रैलियां करेगी। इसकी जानकारी पार्टी के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा ने दी है। इस अभियान की शुरुआत बरवाला और डबवाली विधानसभा सीट से की जा रही है। यहां पंजाब के सीएम भगवंत मान रैली को संबोधित करेंगे।

जानकारी के मुताबिक,अनुराग ढांडा ने कहा कि पार्टी हर दो विधानसभा क्षेत्रों में एक चुनावी रैली करेगी। इन रैलियों को पंजाब के सीएम भगवंत मान, दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल,राज्यसभा सांसद संजय सिंह और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव संबोधित करेंगे।

अनुराग ढांडा ने कहा कि इस चुनावी अभियान की शुरुआत शुक्रवार से बरवाला और डबवाली में रैलियां करके की जाएगी, जिसे पंजाब के सीएम भगवंत मान संबोधित करेंगे। वहीं अगले दिन शनिवार को सुनीता केजरीवाल साढौरा विधानसभा क्षेत्र में एक रैली को संबोधित करेंगी। उन्होंने कहा कि इसी तरह से अगले 15 दिनों में हरियाणा में रोजाना अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में दो रैलियां की जाएंगी।

सुनीता केजरीवाल ने हरियाणा में लॉन्च की थी आप की पांच गारंटी

इससे पहले दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने हरियाणा में आप की गारंटी लॉन्च की थी। जिसमें कहा गया था कि सत्ता में आने पर प्रदेश में 24 घंटे और मुफ्त बिजली दी जाएगी। बेहतर चिकित्सा देने के लिए प्रदेश में मोहल्ला क्लीनिक खोले जाएंगे। वहीं प्रदेश के सरकारी स्कूलों में अच्छी शिक्षा दी जाएगी।

इसके अलावा ये भी गारंटी दी गई है कि हर महिला को एक हजार रुपये प्रति माह का सम्मान दिया जाएगा। पांचवी गारंटी में कहा गया है कि हरियाणा के युवाओं के लिए 100 प्रतिशत रोजगार की व्यवस्था की जाएगी। 

हरियाणा में अक्टूबर में होगा 90 विधानसभा सीटों पर चुनाव (Haryana Assembly Election 2024)

बता दें कि हरियाणा में इस साल अक्टूबर में विधानसभा चुनाव होना है। सभी पार्टियां चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। बीजेपी जहां सत्ता में आने के लिए प्रदेश में बड़ी-बड़ी घोषणाएं कर रही हैं। वहीं कांग्रेस प्रदेश में हरियाणा 'मांगे हिसाब यात्रा' चला रही है। आप ने भी 90 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने का दावा किया है। इसी के चलते पंजाब की तर्ज पर हरियाणा में भी आप की गारंटी लॉन्च की गई है। 

 

5379487