Logo
Haryana Assembly Election 2024: हरियाणा में 5 अक्‍टूबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने अपने 67 उम्‍मीदवारों की पहली लिस्‍ट बुधवार(4 सितंबर) की देर शाम को जारी कर दी है।

Haryana Assembly Election 2024: हरियाणा में 5 अक्‍टूबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपने उम्‍मीदवारों की पहली लिस्‍ट बुधवार(4 सितंबर) की देर शाम को जारी कर दी है। हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों के पर होने वाले चुनावों के लिए भाजपा ने जो अपनी पहली लिस्‍ट जारी की है उसमें 67 उम्‍मीदवारों के नाम शामिल है। केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद कई दौर के मंथन के बाद ये लिस्‍ट जारी हुई।

BJP ने टिकट बंटवारे में साधा जातीय समीकरण
भाजपा ने पहली लिस्ट में विभिन्न जाति समूहों को लुभाने और एक मजबूत वोट बैंक तैयार करने के लिए इस लिस्ट में सभी वर्गों के उम्मीदवारों को शामिल किया है। भाजपा ने लोकसभा चुनावों में बड़ा प्रभाव डालने वाले समूहों को बड़ी संख्या में टिकट बांटे हैं। इतना ही नहीं विभिन्न समाज के छोटे-छोटे और वंचित समुदायों को प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया है।

पहली लिस्ट में 8 महिलाओं को दिया टिकट
भाजपा ने पहली लिस्ट में 8 महिला उम्‍मीदवारों को टिकट देकर विधानसभा चुनाव के मैदान में उतार कर महिला वोटरों को साधने की कोशिश की है। चुनाव आयोग की वोटर लिस्‍ट के अनुसार हरियाणा में 95 लाख से अधिक महिलाएं हैं।

ये भी पढ़ें: हरियाणा चुनाव: 5 साल में इतनी बढ़ी पूर्व डिप्टी CM के परिवार की संपत्ति, दुष्यंत के पास है एक फॉर्च्यूनर और 2 करोड़ का सोना!

जाट समुदाय से 13 उम्मीदवार
भाजपा ने बनिया, विश्नोई, ब्राह्मण, जाट, पंजाबी, सिख, राजपूत और जाट सिख समुदायों को भी अपनी पहली सूची में स्थान दिया है। 13 जाटों को उम्‍मीदवार बनाया है। वैश्य समुदाय के 5 प्रत्याशियों और 9 ब्राह्मण उम्मीदवार भी मैदान में उतारा है।

नए चेहरों और युवाओं को सबसे ज्यादा मौका
इस सूची में 27 नए चेहरों को भी मैदान में उतारा गया है। युवाओं को भी टिकट की लिस्ट में जगह मिली है, जिससे युवा मतदाताओं को आकर्षित करने का प्रयास किया गया है। सूची में नए चेहरे और हाल ही में पार्टी में शामिल हुए उम्मीदवार शामिल हैं।

अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC Vote Bank) 
भाजपा की इस लिस्‍ट में पिछड़े वर्गों को भी बढ़िया प्रतिनिधित्व मिला है। भाजपा ने 9 टिकट पिछड़े समाज से आने वाले उम्मीदवारों को दिए हैं। इसमें गुर्जर, यादव, कश्यप, कुम्हार और सैनी समुदाय शामिल हैं। पिछले लोकसभा चुनावों में ओबीसी मतदाताओं के समर्थन की कमी के कारण हरियाणा में भाजपा को 10 में से केवल आधी यानी 5 सीटें ही मिल पाई थीं।

ये भी पढ़ें: नारनौंद में बोले कैप्टन अभिमन्यु: भाजपा ने जनता को दी टिकट, मुंढाल से जुलूस के रूप में पहुंचे खांडाखेड़ी 

दलित समुदाय (SC Vote Bank)
दलित समुदाय को भी प्राथमिकता दी गई है। आवंटित 41 सीटों में से 13 अनुसूचित जाति (एससी) के उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारा है। जिसमें बाल्मिकी, धानुक, बावरिया और बाजीगर के साथ जाटव समाज के उम्मीदवारों को भी इस सूची में जगह मिली है।

इन खिलाडि़यों को बनाया उम्‍मीदवार
भारतीय कबड्डी टीम के कप्तान दीपक हुड्डा जैसे कुछ चौंकाने वाले नाम शामिल हैं। इनके अलावा पूर्व ओलंपियन पहलवान योगेश्वर दत्त को भी टिकट नहीं मिला। हालांकि "दंगल गर्ल" के नाम से मशहूर बबीता फोगट को दूसरा मौका नहीं मिला।

नेताओं के रिश्तेदारों को टिकट
बीजेपी विपक्षी दलों पर हमेशा भाई-भतीजावाद और परिवरवाद का आरोप लगाती आई है लेकिन हरियाणा चुनाव के लिए खुद पार्टी नेताओं के रिश्तेदारों को टिकट बांटे हैं। भाजपा की इस सूची में केंद्रीय मंत्री अमित शाह के करीबी गौरव गौतम, पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल के पौत्र भव्य बिश्नोई और उनके करीबी पारिवारिक मित्र रणधीर पनिहार को टिकट मिला है। इसके अलावा दुदाराम बिश्नोई, रणबीर गंगवा और पूर्व राज्य मंत्री करतार सिंह भड़ाना के बेटे मनमोहन भड़ाना का नाम भी इस लिस्‍ट में शामिल है।

5379487