Logo
हरियाणा विधानसभा चुनाव में दागियों औऱ आपराधिक छवि वाले उम्मीदवारों की कमी नहीं हैं। इस बार 133 उम्मीदवार दागी हैं, जिनके विरुद्ध आपराधिक केस लंबित चल रहे हैं। इनमें से ही 95 पर गंभीर मामले  विचाराधीन हैं, जिसमें हत्या और दुष्कर्म जैसे मामले भी हैं।

हरियाणा: विधानसभा 2024 की सियासी जंग में भी दागियों औऱ आपराधिक छवि वाले उम्मीदवारों की कमी नहीं हैं। इस बार 133 उम्मीदवार दागी हैं, जिनके विरुद्ध आपराधिक केस लंबित चल रहे हैं। इनमें से ही 95 पर गंभीर मामले विचाराधीन हैं, जिसमें हत्या और दुष्कर्म जैसे मामले भी हैं। आंकड़ों और राज्य चुनाव आयोग के पास आई जानकारी और तथ्य के आधार पर चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों में 538 उम्मीदवार करोड़पति हैं। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स और इलेक्शन वॉच संस्था ने चुनाव लड़ रहे 1,031 में 1,028 उम्मीदवारों के एफिडेविट के आधार पर यह रिपोर्ट जारी कर दी है।

आप पार्टी में ज्यादा दागी

एडीआर रिपोर्ट के मुताबिक आम आदमी पार्टी में दागियों की संख्या 37 हैं। इसके बाद कांग्रेस में 28, भाजपा में 9, इनेलो में 15, जजपा में 13 और बसपा में 6 उम्मीदवारों ने आपराधिक केस घोषित किए हैं। 11 उम्मीदवार ऐसे हैं, जिन पर महिलाओं के खिलाफ अपराध के केस चल रहे हैं। 2 उम्मीदवारों पर दुष्कर्म के केस हैं। छह उम्मीदवारों पर हत्या और 8 पर हत्या की कोशिश का केस चल रहा है।

भाजपा -कांग्रेस में सबसे ज्यादा करोड़पति

90 सीटों पर चुनाव के लिए भाजपा ने 85 और कांग्रेस ने 84 करोड़पति उम्मीदवारों को टिकट दी है। आम आदमी पार्टी ने 52, जजपा ने 46 और इनेलो ने 34 करोड़पतियों को टिकट बांटी है। बसपा के भी 18 उम्मीदवार करोड़पति हैं। हालांकि 5 उम्मीदवारों के हालात पतले हैं। वे ऐसे हैं, जिनके पास कोई पैसा नहीं है। इनमें फरीदाबाद एनआईटी से अखिल भारतीय किसान मजदूर पार्टी के मनीष, बड़खल से निर्दलीय आबिद खान, फरीदाबाद से निर्दलीय आदर्श बालियान, बरवाला से जनसेवक क्रांति पार्टी के राजीव खटक और नीलोखेड़ी (एससी) से निर्दलीय सरिता ने शून्य संपत्ति घोषित की है।

गोपाल कांडा सबसे ज्यादा कर्जदार

सिरसा से उम्मीदवार हलोपा प्रमुख गोपाल कांडा सबसे ज्यादा कर्जदार हैं। 133 करोड़ के मालिक कांडा पर 83 करोड़ का कर्जा है। दूसरे नंबर पर सोहना से कांग्रेस के रोहताश सिंह पर 67 करोड़ और उचाना कलां से निर्दलीय दिलबाग पर 56 करोड़ का कर्जा है। सोहना से कांग्रेस उम्मीदवार रोहतास सिंह की सालाना इनकम सबसे ज्यादा है। उन्होंने 29 करोड़ सालाना इनकम घोषित की है। दूसरे नंबर पर लोहारू से कांग्रेस के राजबीर फरटिया हैं, जो सालाना 10 करोड़ कमाते हैं। गुरुग्राम से निर्दलीय नवीन गोयल की सालाना कमाई 7 करोड़ है।

आधे से ज्यादा ग्रेजुएट नहीं, 15 उम्मीदवार अनपढ़

पढ़ाई के लिहाज से देखें तो 493 उम्मीदवार ऐसे हैं, जिनकी शिक्षा ग्रेजुएट है। 486 उम्मीदवार 5वीं से 12वीं पास हैं। 26 ने खुद को डिप्लोमा होल्डर बताया है। 8 ने खुद को सिर्फ शिक्षित और 15 ने अनपढ़ बताया है। एक उम्मीदवार ने अपनी शैक्षिक योग्यता घोषित नहीं की है। रिपोर्ट के मुताबिक चुनाव में 81 उम्मीदवार ऐसे हैं, जिनकी उम्र 60 से 80 साल के बीच है। 319 उम्मीदवार ऐसे हैं जिनकी उम्र 25 से 40 के बीच है। 528 यानी आधे से ज्यादा उम्मीदवार 41 से 60 वर्ष वाले हैं।

5379487