Haryana Election Result 2024: हरियाणा की 15वीं विधानसभा चुनाव में हांसी से भाजपा प्रत्याशी विनोद भ्याना ने इतिहास रचा है। हिसार के महावीर स्टेडियम में हुई मतगणना में भाजपा प्रत्याशी विनोद भ्याना ने अपने प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस प्रत्याशी राहुल मक्कड़ को 21468 वोटों से शिकस्त देकर हांसी के इतिहास में लगातार दूसरी बार विधायक बनने का इतिहास रच दिया।

हांसी के इतिहास में लगातार दूसरी बार बने विधायक

विनोद भ्याना की जीत के बाद पूरे हांसी शहर में जश्न का माहौल है। वहीं, विनोद भ्याना समर्थकों द्वारा डीजे के गानों पर थिरकते हुए शहर में घूम कर अपनी खुशी का इजहार किया जा रहा है। काफी संख्या में विनोद भ्याना के कार्यकर्ता व समर्थक हिसार बाईपास स्थित गीता चौक पहुंच नवनिर्वाचित विधायक विनोद भ्याना का इंतजार कर रहे हैं।

भाजपा प्रत्याशी विनोद भ्याना ने 78274 मत हासिल कर एक बार फिर से कांग्रेस प्रत्याशी राहुल मक्कड़ 21468 मतों के बड़े अंतर से पराजित कर दिया। भाजपा प्रत्याशी विनोद भ्याना ने 2019 के चुनाव में भी जजपा प्रत्याशी राहुल मक्कड़ को 21 हजार से अधिक मतों से हराया था।

2019 में राहुल मक्कड़ ने जजपा से चुनाव लड़ा था, जबकि इस बार वह कांग्रेस प्रत्याशी थे। जीत के बाद विनोद भ्याना ने हल्के के सभी मतदाताओं का धन्यवाद किया। इस दौरान भाजपा नेता नरेश यादव, राजपाल यादव सहित परिवार के सदस्यों सहित काफी बड़ी संख्या में समर्थक उपस्थित थे।

यह भी पढ़ें:- Haryana Election Result: 'बीजेपी के पास तोड़ने का गणित...देश गड्ढे में जाएगा, भाजपा की जीत पर बोले राकेश टिकैत

विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशी विनोद भ्याना ने 10 सितंबर को नामांकन दाखिल करने के बाद से ही विनोद भ्याना द्वारा अपने द्वारा पिछले 5 साल से करवाए गए विकास कार्यों के नाम पर जनता के बीच जाकर लोगों से अपील थी और पिछली प्लान में करवाए गए विकास कार्यों पर जनता ने मोहर लगाते हुए लगातार दूसरी बार विधायक बना हांसी में नया इतिहास बना दिया।