Haryana Politics: राष्ट्रीय राजधानी में जहां दिन भर दिल्ली के नए सीएम के चेहरे पर चर्चा हो रही है। वहीं, दूसरी ओर हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दल जनता को लुभाने की जी-जान से कोशिश में लगे हुए हैं। इस बीच आम आदमी पार्टी के हरियाणा प्रमुख सुशील गुप्ता ने संकेत दिया कि प्रदेश में आप की सरकार बनती है तो अरविंद केजरीवाल ही मुख्यमंत्री होंगे।

लोग भाजपा को उखाड़ फेंकने के लिए तैयार- सुशील गुप्ता

हरियाणा आप अध्यक्ष सुशील गुप्ता ने कहा कि पूरे देश में भाजपा के प्रति नफरत है। अगर मैं हरियाणा की बात करूं तो राज्य के लोग भाजपा को उखाड़ फेंकने के लिए तैयार हैं। बेरोजगारी, नशा और अपराध से हरियाणा के लोग परेशान हैं और अस्पतालों और स्कूलों की हालत खराब हो रही है। सुशील गुप्ता ने आगे कहा कि प्रदेश के लोग चाहते हैं कि 'हरियाणा का लाल' अरविंद केजरीवाल सरकार बनाए।

सभी 90 सीटों पर उतारे उम्मीदवार

दरअसल, आम आदमी पार्टी के लिए हरियाणा विधानसभा चुनाव बेहद महत्वपूर्ण है। आप ने सभी 90 सीटों पर अपने उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारा है। वहीं, आम आदमी पार्टी का मतलब अरविंद केजरीवाल, जिससे आप सभी वाकिफ होंगे। अरविंद केजरीवाल के चेहरे पर हरियाणा में विधानसभा चुनाव लड़ा जा रहा है। ऐसे में अगर, इस चुनाव में आम आदमी पार्टी दिल्ली के तरह लोगों का दिल जीतने में कामयाब रही तो किंग मेकर साबित हो सकती है।

यह भी पढ़ें:- Arvind Kejriwal Politics: अरविंद केजरीवाल का दिल्ली की 'राजनीति' से मोहभंग?, अब हरियाणा पर नजर

5 अक्टूबर को होगी वोटिंग

बता दें कि हरियाणा में विधानसभा चुनाव के लिए 5 अक्टूबर को वोटिंग होगी, जबकि नतीजे 8 अक्टूबर को आएंगे। इस बार चुनावी मैदान में बीजेपी, कांग्रेस और आप के अलावा इनेलो, जेजेपी, बीएसपी समेत निर्दलीय उम्मीदवार भी मैदान में हैं।