Haryana: हरियाणा एनसीआर दिल्ली में हाड़ कंपा देने वाली ठंड का प्रकोप जारी है। लगातार शीतलहर व कोहरा कहर बरपा रहा है, जिससे आमजन को लगातार ठिठुरन भरी कड़ाके की ठंड से रूबरू होना पड़ रहा है। बता दें कि कि पिछले एक महीने से हरियाणा एनसीआर दिल्ली में रिकॉर्ड तोड ठंड की चरम स्थितियां बनी हुई हैं। सम्पूर्ण इलाके पर वातावरण की ऊपरी और निचले स्तर पर कोहरा की सघन सफेद चादर, शीत दिवस, गंभीर शीतलहर अपने तीखे तेवरों से आगाज किए हुए हैं। सम्पूर्ण मैदानी राज्यों पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश विशेषकर हरियाणा एनसीआर दिल्ली पर इस साल इस प्रकार की ठंड की चरम स्थितियों के पीछे केवल उत्तरी बर्फीली हवाएं ही नहीं, बल्कि दक्षिणी पूर्वी व दक्षिणी पश्चिमी नमी वाली हवाओं का पूरा हाथ है।

कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के कारण ठंड का बढ़ रहा कहर

हरियाणा एनसीआर दिल्ली में कड़ाके की ठंड में बड़ा हाथ लगातार एक के बाद एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होना है। इसकी वजह से सम्पूर्ण मैदानी राज्यों में इस प्रकार की ठंड बनी हुई हैं। इसके अलावा इस साल कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से उत्तर पर्वतीय क्षेत्रों जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश के लोग इस बार अच्छी बर्फबारी को तरस रहे है। मैदानी राज्यों में इस साल इस प्रकार की ठंड कश्मीर, हिमाचल व उत्तराखंड की बर्फ से नहीं हो रही। इसके पीछे अहम और मुख्य कारण इस साल जेट धाराओं का डायवर्सन मार्ग परिवर्तन है, जो समुद्र तल से 12 किलोमीटर की ऊंचाई पर चल रही है। यह ऊपरी वायु की गति 200 किलोमीटर से 250 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलती है। जिसकी वजह से एक मौसमी सिस्टम बना हुआ है। इसकी वजह से धरती पर चलने वाली हवाओं में अधिक ठंडक है।

मौसम विभाग लगातार जारी कर रहा रेड व ऑरेंज अलर्ट

मौसम विशेषज्ञ डॉ. चन्द्रमोहन ने बताया कि भारतीय मौसम विभाग की ओर से लगातार रेड, ऑरेंज अलर्ट जारी हो रहे हैं। वर्तमान परिदृश्य में अभी अल-नीनो की स्थिति बनी हुई है, जिसकी वजह से सम्पूर्ण भारत में विशेषकर उत्तरी मैदानी राज्यों में बारिश की गतिविधियां भी लगातार नदारद है। इसलिए सूखी ठंड अपने प्रचण्ड तेवरों से आगाज किए हुए हैं। सम्पूर्ण हरियाणा एनसीआर दिल्ली में जिला महेंद्रगढ़ में हालांकि दोपहर बाद सूर्य के दर्शन हो रहे हैं, लेकिन धुंधली धूप से हल्की राहत मिलती है। विंड चिल्ड फैक्टर बना हुआ है। सोमवार को हरियाणा एनसीआर दिल्ली में अधिकतर स्थानों पर रात्रि तापमान 2.0 डिग्री सेल्सियस से 6.0 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। सम्पूर्ण इलाके में तापमान सामान्य से नीचे बने हुए है।

महेंद्रगढ़ पर ठंड का ट्रिपल अटैक

जिला महेंद्रगढ़ पर लगातार ठंड का ट्रिपल अटैक जारी है। यहां शीतलहर, शीत दिवस और कोहरा आमजन को सहना पड़ रहा है। साथ ही सम्पूर्ण हरियाणा एनसीआर दिल्ली में अधिकतर स्थानों पर दिन के तापमान भी सामान्य से कम बने हुए और अधिकतर स्थानों पर कोहरे की वजह कोल्ड डे की स्थिति बनी हुई है। आने वाले चार-पांच दिनों तक इसी प्रकार की ठंड की चरम स्थितियां बनी रहेगी। ऐसे में अभी आमजन को इस कड़ाके की हाड़ कंपा देने वाली ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं दिख रहे।