weather update : 15 साल में पहली बार हुआ ऐसा मौसम, किसान से लेकर आम इंसान तक सब परेशान, अब आगे क्या होगा

सर्दी के बाद बसंत ऋतु शुरू होती थी तो ठंडी हवाओं का दौर चलता था। बीते 15 वर्षों में पहली बार है कि फरवरी के दूसरे सप्ताह में ही तापमान 26 डिग्री को पार कर गया।;

Update:2025-02-12 17:04 IST
फतेहाबाद में किसान दिन में ज्यादा गर्मी पड़ने की वजह से परेशान हैं। इससे गेहूं की फसल में नुकसान हो सकता है।fathebad fields
  • whatsapp icon

फतेहाबाद। सर्दी के बाद बसंत ऋतु शुरू होती थी तो ठंडी हवाओं का दौर चलता था। अब इसके विपरीत सर्दी के बाद सीधा गर्मी जैसा अहसास हो रहा है। बीते 15 वर्षों में पहली बार है कि फरवरी के दूसरे सप्ताह में ही तापमान 26 डिग्री को पार कर गया, जबकि रात का तापमान 10 डिग्री के आसपास चल रहा है। इस तरह दिन और रात के तापमान में 16 डिग्री का अंतर आ गया है, जो गेहूं और अन्य फसलों के साथ-साथ मनुष्यों के लिए भी कतई ही अनुकूल नहीं कहा जा सकता। यही वजह है कि नागरिक अस्पताल में वायरल बुखार व खांसी-जुकाम के मरीजों की तादाद में काफी वृद्धि हुई है।

वेलेंटाइन डे के बाद बदलेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार अभी एक वेस्टर्न डिर्स्टबेंस जम्मू कश्मीर के ऊपर बना है। इसके कारण सुबह आंशिक बादल छाए होते हैं लेकिन अगले एक-दो दिन में इसका असर कम हो जाएगा। तेज धूप की वजह से दिन के तापमान में इजाफा हुआ है। वहीं जम्मू कश्मीर की ओर से उत्तरी पश्चिमी हवाओं की वजह से रातें अब भी ठंडी हैं। 14 फरवरी के बाद पश्चिमी विक्षोभ के चलते बूंदाबांदी हो सकती है। उससे रात के तापमान में भी इजाफा होना शुरू होगा। बुधवार को दिन का अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4 डिग्री ज्यादा रहा। बुधवार का न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री ज्यादा है। हवा में नमी की मात्रा 17 फीसदी रही। 16 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से प्रदेश के कई क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।

ठंड कम होने के यह रहे कारण 

इस बार ठंड निर्धारित समय से 15 दिन पहले ही खत्म होती नजर आ रही है। विंड पैटर्न ऐसा बन रहा है, जो वेस्टर्न डिस्टरबेंस की रफ्तार को सपोर्ट नहीं कर रहा है। इसके साथ-साथ नमी भी कम आ रही है। कभी-कभी अरब सागर से जो नमीयुक्त हवाएं आती हैं, वो भी अभी नहीं आ रही हैं इसलिए ज्यादा ठंड के आसार फिलहाल नजर नहीं आ रहे। इस बार पहाड़ों पर भी बर्फबारी कम हुई है। यही वजह है कि मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। 

16 को हो सकती है बूंदाबांदी

हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से 14 फरवरी से 16 फरवरी के दौरान हवाओं में बदलाव आने से राज्य के ज्यादातर क्षेत्रों में बीच-बीच में आंशिक बादलवाई रहने की संभावना है। 16 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से दक्षिण पश्चिमी क्षेत्रों में कुछ एक स्थानों पर छिटपुट बूंदाबांदी हो सकती है जिससे दिन के तापमान में हल्की गिरावट आने की संभावना है।
 

Similar News