Logo
हरियाणा में पिछले एक पखवाड़े से सूर्य आग उगल रहा है तथा तापमान 50 डिग्री के पार जा चुका है। रोहतक में बिजली की डिमांड 92 लाख यूनिट के पार जा चुकी है। लोड बढ़ने से एक सप्ताह में 20 ट्रांसफार्मर जल चुके हैं। 

रोहतक। भीषण गर्मी के दौर में हरियाणा बिजली वितरण निगम की सांसें ऊपर नीचे हो रही हैं। निगम के दावों के बावजूद शहर में अघोषित कट लग रहे हैं। निगम का कहना है कि पॉवर कट लाइनों में फाल्ट आने की वजह से लग रहे हैं। निगम के पास पॉवर की कमी बिल्कुल भी नहीं है। इन सब के बीच शहर में करीब हर रोज औसतन तीन बिजली ट्रांसफार्मर जल जाते हैं। जिससे निगम को काफी नुकसान होता है। बीते एक सप्ताह में 20-22 ट्रांसफार्मर जले हैं।

एसी बढ़ने से बढ़ी डिमांड

ज्यादा लोड की वजह से ट्रॉसफार्मर जल रहे हैं। बढ़ती गर्मी की वजह से बिजली की खपत बढ़ रही है। जहां पहले घर में एक एसी था, अब दो दो एसी लगाए हुए हैं। उपभोक्ता ने एसी की संख्या तो बढ़ा ली। लेकिन अपने घर का लोड नहीं बढ़वाया। अगर लोड बढ़वाए तो निगम को ये जानकारी मिल जाएगी उस ट्रांसफार्मर पर इतना लोड है। बीते बुधवार को ओमेक्स सिटी, अशोक मोड़ और आर्य नगर में ज्यादा लोड की वजह से ट्रांसफार्मर जले।

हादसों का भी बना रहता है अंदेशा

शहर के दूसरे क्षेत्रों में भी ट्रांसफार्मर जलने की घटनाएं हो रही हैं। ट्रांसफार्मर जलने से केवल बिजली निगम को ही नुकसान नहीं होता, बल्कि इससे बड़े हादसे होने की आशंका भी बनी रहती है। जब ट्रांसफार्मर जलता है तो उसके पास बहुत जोर से आग जलती है। आग ही नहीं कई बार तो ट्रांसफार्मर फट भी जाते हैं। जिससे हमेशा आसपास जानमाल को खतरा बने रहने की संभावना बनी रहती है। बिजली सप्लाई बाधित होने से आमजन को भी परेशानी उठानी पड़ती है।

रोजाना मिल रहे 100 से 125 शिकायतें

गर्मी के चलते बिजली खपत बढ़ रही है। जिससे शहर में ओवरलोड की समस्या ने बिजली निगम के तंत्र को हिला दिया है। बिजली निगम के शिकायत केंद्र में रोजाना ओवरलोड बढ़ने के कारण फ्यूज उड़ने, कंडक्टर जलने के रोजाना 100-125 से ज्यादा शिकायतें दर्ज हो रही हैं। इनमें अधिकतर फ्यूज, कंडक्टर या केबल जलने जैसी शिकायतें होती हैं। इनके अलावा ज्यादा ओवरलोड के कारण ट्रांसफार्मर भी जल रहे हैं। हालांकि शहरी क्षेत्र में ट्रांसफार्मर जलने की सूचना पर बिजली कर्मचारी तुरंत ट्रॉली में नया ट्रांसफार्मर लेकर पहुंच जाते हैं। बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों पर तुरंत संज्ञान लिया जाता है।

प्रतिदिन 92 लाख यूनिट के पार पहुंची डिमांड

निगम का कहना है कि निगम के पास मांग के मुताबिक स्टोर में ट्रांसफार्मर रखे हुए हैं। बिजली को लेकर लोगों को समस्या नहीं आएगी। पिछले एक सप्ताह से पड़ रही भीषण गर्मी के कारण जिले में बिजली खपत 92 लाख के पार हो गई है। निगम ने गत 27 मई को 90 लाख 51 हजार यूनिट की सप्लाई गत दिवस की। जबकि इससे ठीक एक दिन पहले 26 मई 84 लाख 25 हजार यूनिट की आपूर्ति की गई थी। हालांकि पिछले दिनों आपूर्ति का आंकड़ा 95 लाख 74 हजार यूनिट तक भी पहुंच गया था। 21 मई को 86.97, 22 को 93.81, 23 को 93.35, 24 को 95.74 और 25 मई को 92.25 यूनिट की सप्लाई दी गई।

5379487