Hisar: हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रदेश का एक समान विकास सुनिश्चित करने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए प्रदेशवासियों को विकास परियोजनाओं की सौगात दी। जिला हिसार के लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री ने 2024 करोड़ रुपए की 153 परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में 686 करोड़ रुपए की लागत की 76 परियोजनाओं का उद्घाटन तथा 1338 करोड़ रुपए की लागत की 77 परियाजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

हरियाणा की प्रगति के लिए बताया अहम दिन 

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय में प्रशासनिक भवन और पशु नस्ल सुधार के लिए एम्ब्रायो ट्रांसप्लांट लैब का भी उद्घाटन किया। समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आज का दिन हरियाणा की प्रगति के लिए बहुत महत्वपूर्ण दिन है। उन्होंने सांकेतिक रूप से 784 करोड़ रुपए की लागत की 10 बड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया। शेष परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास अन्य जिलों में केंद्रीय मंत्री, हरियाणा कैबिनेट मंत्रियों, सांसदों व विधायकों द्वारा किया गया।

देश व प्रदेश की अर्थव्यवस्था इनफ्रास्ट्रक्चर पर निर्भर

सीएम मनोहर लाल ने कहा कि किसी भी प्रदेश व देश की अर्थव्यवस्था इनफ्रास्ट्रक्चर पर निर्भर होती है और सरकार लगातार प्रदेश में इनफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत कर रही है, इसलिए अर्थव्यवस्था अच्छी है। इससे पहले भी डिजिटल माध्यम से अब तक सात बार पूरे प्रदेश में विकास परियोजनाओं का उद़्घाटन व शिलान्यास किया गया है, जिससे लगभग साढ़े 15 हजार करोड़ रुपए की लागत की 1459 परियोजनाएं जनता को समर्पित की गई। आज यह आठवां कार्यक्रम है।

22 जनवरी 2024 से एक नए युग की हुई शुरुआत

मनोहर लाल ने कहा कि सरकार भौतिक विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक और सामाजिक विकास पर भी बहुत ध्यान दे रही है। 22 जनवरी का दिन हम सभी के लिए ऐतिहासिक था, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा का भव्य कार्यक्रम किया। उस दिन देश में खुशी का माहौल था और पूरा देश राममय नजर आया। राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा से पहले प्रधानमंत्री ने 11 दिन का उपवास किया, उनके तपोबल से ही यह कार्य संभव हो पाया। 22 जनवरी के दिन से एक नए युग की शुरुआत हुई है, जिससे लोगों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ तथा नई आशाओं व खुशहाली के साथ हम आगे बढ़ेंगे।

बेरोजगारी पर विपक्ष द्वारा बयानबाजी केवल राजनीतिक प्रोपेगेंडा

बेरोजगारी पर विपक्ष द्वारा की जा रही बयानबाजी पर कटाक्ष करते हुए मनोहर लाल ने कहा कि विपक्ष बेरोजगारी को लेकर 35 प्रतिशत तक का आंकड़ा बोलते हैं, जबकि वास्तविकता यह है कि परिवार पहचान पत्र में जिन लोगों ने स्वयं को बेरोजगार घोषित किया है, ऐसे केवल 8.5 प्रतिशत हैं। लेकिन विपक्ष द्वारा 34-35 प्रतिशत तक की बात कहना केवल राजनीतिक प्रोपेगेंडा है। राज्य में ईज ऑफ डूइंग बिज़नेस के नाते हम बहुत आगे बढ़ रहे हैं और हरियाणा आज निवेश के मामले में पसंदीदा स्थान बन गया है।