हिसार में वर्दी शर्मसार: रिटायर्ड फौजी ने पुलिस वालों से तंग आकर की आत्महत्या, परिजनों ने शव लेने से किया इनकार

Crime News: हरियाणा के हिसार में एक सेवानिवृत्त फौजी राजकुमार ने पुलिस वालों से तंग आकर गुरुवार रात आत्महत्या कर ली है। उन्होंने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है, जिसमें उन्होंने पुलिस वालों द्वारा प्रताड़ित करने की बात कही है। वहीं परिजनों के बयान और सुसाइड नोट के आधार पर कई पुलिस के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने डीएसपी अशोक कुमार, एसएचओ जगदीश सिंह, एएसआई फूल कुमार, लालंचद बिश्नोई, जसबीर के अलावा महिला कर्मचारी एसआई ऊषा, सुनीता, सोनिया, सीमा समेत अन्य पुलिस कर्मियों पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज किया है।
डीसी आफिस में कर्मचारी थे राजकुमार
बता दें कि सेवानिवृत्त फौजी और हिसार डीसी कार्यालय में तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मी राजकुमार ने गुरुवार रात जहर खाकर आत्महत्या कर ली। राजकुमार के बेटे पंकज और साले रोशन लाल का कहना है कि राजकुमार मूल रूप से फतेहाबाद जिले के गांव जांडली के रहने वाले हैं। वे पिछले कई सालों से हिसार के सेक्टर 1-4 इलाके में रहते थे। सीआरपीएफ से रिटायर होने के बाद वे हिसार डीसी आफिस में डी ग्रुप के कर्मचारी के रूप में काम करते थे। यहां पुलिस वाले इन्हें बहुत परेशान करते थे। इसी कारण 23 अक्टूबर 2024 को तंग आकर उन्होंने जहर खा लिया। उन्हें गंभीर हालत में अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। गुरुवार रात करीब 9 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
गिरफ्तारी से पहले नहीं ले जाएंगे शव- परिवारजन
इस मामले पर उनके बेटे ने बताया कि डीएसपी अशोक कुमार ने बार-बार प्रताड़ित किया और उन पर कई झूठे आरोप लगाए। महिला सिपाही सुनीता और सोनिया का नाम भी सुसाइड नोट में लिखा है। उनके लिए राजकुमार ने लिखा कि इन लोगों ने झूठा केस दर्ज कराया है। वहीं इस मामले में राजकुमार के परिजनों का कहना है कि जब तक इन सभी पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती, तब तक वे शव को घर लेकर नहीं जाएंगे।
क्या है मामला
बता दें कि रिटायर्ड फौजी राजकुमार की तैनाती साल 2018 में एचटीएम थाने में हुई थी। यहां महिला सोनिया और सुनीता ने फौजी पर झूठा मामला दर्ज कराया था। इस मामले की जांच डीएसपी अशोक कुमार और एसएसआई फूल कुमार ने की थी। जांच के बाद राजकुमार फौजी की गिरफ्तारी हुई थी।
ये भी पढ़ें: नगर निगम की महिला कर्मचारी के साथ मारपीट: जिंदल अस्पताल ने मेडिकल बिल से किया इनकार, धरने पर पहुंचे सफाई कर्मचारी
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS