Logo
हरियाणा के नूंह में 22 जुलाई की जलाभिषेक यात्रा से पहले प्रशासन सतर्क हो गया है। शनिवार को आईजी ने मंदिरों का दौरा कर अधिकारियों को हिदायत दी। यात्रा से पहले सड़कों को चकाचक किया जा रहा है और निगरानी के लिए सीसीटीवी लगाए जाएंगे।

Nuh Jalabhishek Yatra। नूंह में 22 जुलाई को प्रस्तावित जलाभिषेक यात्रा को शांतिपूर्ण समपन्न करवाने के लिए प्रशासन सतर्क हो गया है। आई रेवाड़ी रेंज राजेंद्र कुमार ने शनिवार को मंदिरों का दौरा कर अधिकारियों को आश्ययक दिशा निर्देश दिए और शर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक कर चर्चा की। नल्हड़ कॉलेज की तरफ जाने वाली व जलाभिषेक के लिए निर्धारित रूट में आने वाली सड़कों को चकाचक किया जा रहा है। नल्हेश्वर मंदिर को लाइटों से सजाया जा रहा है। गर्मी के मौसम को देखते हुए मंदिर परिसर में टेंट लगाने के साथ श्रद्धालुओं के खान-पान की व्यवस्था की जा रही है। आईजी ने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ शनिवार को नल्हरेश्वर मंदिर, झिरकेश्वर मंदिर, श्रंगेश्वर मंदिर का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया।

पहाड़ों पर मोर्चा संभाल सकते हैं कमांडो

गत वर्ष शोभा यात्रा के दौरान नूंह में हुई हिंसा को देखते हुए प्रशासन इस बार जलाभिषेक यात्रा के दौरान सुरक्षा को लेकर को रिस्क लेने को तैयार नहीं है। सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए अरावली के ऊंचे पहाड़ों पर हरियाणा पुलिस के कमांडो तैनात किए जा सकते हैं। हरियाणा पुलिस के साथ आरएएफ व होमगार्ड की भी बड़ी संख्या में तैनाती देखने को मिल सकती है। यात्रा के रूट पर सीसीटीवी लगाने के साथ ड्रोन से भी निगरानी रखने की तैयारी है। प्रशासन का प्रयास है कि जलाभिषेक यात्रा के दौरान किसी भी असामाजिक तत्व को भाईचारे बिगाड़ने का मौका न मिल सके।

मुस्लिम समाज यात्रा के स्वागत को तैयार

नूंह के सबसे बड़े गांव सिंगार के सरपंच मोहम्मद साकिब ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि बीते साल हुई घटना का जवाब इस बार भाईचारे की मिशाल से दिया जाएगा। ग्रामीण न केवल यात्रा का स्वागत करेंगे, बल्कि अमन व शांति बनाए रखने में भी पूरा सहयोग देंगे। मंदिर के पास जिस रास्ते पर पानी भरता है, गड्ढों को भरकर उसे ठीक कर दिया गया है। दो दिन पहले एसपी विजय प्रताप ने मंदिर का निरीक्षण किया था। सोशल मीडिया पर नजर रखी जा रही है। ग्रामीणों में भी यात्रा को लेकर उत्साह है तथा पहले जैसी घटना का कोई अंदेशा नहीं है।

भव्य होगा जलाभिषेक

श्रृंगेश्वर मंदिर के पुजारी ने बताया कि आगामी 22 जुलाई को शोभा यात्रा को लेकर भव्य तैयारियां चल रही हैं। बड़े उल्लास के साथ यह यात्रा संपन्न होगी। यहां पर पुलिस के आला अधिकारियों के अलावा प्रशासनिक अधिकारी बार - बार निरीक्षण कर रहे हैं। इस बार व्यवस्था अच्छी है। भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक भव्य रूप से किया जाएगा। पहले से ही हमारे मंदिर की साज- सज्जा की जा रही है। गांव का भी पूरा सहयोग रहेगा तथा सर्वसमाज का सहयोग मिल रहा है। सिंगार गांव का मुस्लिम समाज स्वागत को तैयार है।

5379487