Logo
Jind Accident: जींद के नरवाना में ट्रक ने श्रद्धालुओं से भरे टाटा मैजिक को टक्कर मार दी। इस हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 लोग घायल हो गए।

Jind Accident: जींद के नरवाना में ट्रक ने श्रद्धालुओं से भरे टाटा मैजिक को टक्कर मार दी। इस टक्कर में 3 महिलाओं समेत 7 श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 8 लोग घायल हो गए। घायलों का नरवाना के सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

ट्रक ने मारी टाटा मैजिक को टक्कर

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कुरुक्षेत्र के मर्छेदी गांव के रहने वाले करीब 15 लोग सोमवार शाम को टाटा मैजिक में सवार होकर राजस्थान के गोगामेड़ी धाम पर पूजा अर्चना करने जा रहे थे। देर रात करीब 12:30 बजे वह नरवाना के बिरधाना गांव के पास पहुंचे, तो पीछे से तेज रफ्तार एक ट्रक में टाटा मैजिक को टक्कर मार दी। जिससे टाटा मैजिक पलट गया। सभी श्रद्धालु मैजिक में बुरी तरह फंस गए और घटनास्थल पर चीख पुकार मच गई।

हादसे को देखकर वहां से गुजर रहे लोगों ने श्रद्धालुओं को टाटा मैजिक से निकलने की कोशिश की, लेकिन अंधेरा होने की वजह से उन्हें सफलता हाथ नहीं लगी। इसके बाद नरवाना थाना सदर पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और उन्होंने स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को बाहर निकाला।

सीएस व्यक्त की संवेदनाएं

इस हादसे को लेकर सीएस नायब सैनी ने शोक प्रकट किया है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर इसको लेकर पोस्ट किया है। उन्होंने लिखा, "हिसार चंडीगढ़ नेशनल हाइवे पर देर रात हुए हादसे में कुरुक्षेत्र से गोगामेड़ी जा रहे श्रद्धालुओं की मृत्यु की खबर अत्यंत दुःखद है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें। मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। हादसे में घायल श्रद्धालुओं के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।"

हादसे में 7 की मौत

जानकारी के अनुसार, घायलों को आनन फानन में नरवाना के सिविल अस्पताल में ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने 7 लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि बाकी 8 घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अग्रोहा मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। मृतकों में 50 वर्षीय रुक्मणी, 35 वर्षीय कामिनी, 55 वर्षीय तेजपाल, 50 वर्षीय सुरेश, 50 वर्षीय परमजीत, 50 वर्षीय मुक्ति शामिल है।

यह भी पढ़ें:- गौ तस्कर समझ छात्र की हत्या: फरीदाबाद में 10 किमी तक पीछा कर मारी गोली, पांच गिरफ्तार

वहीं, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इसके साथ ही पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई भी शुरू कर दी है।

5379487