Jind: धुंध व कोहरे ने किया जनजीवन अस्त व्यस्त, तापमान लुढका, यातायात व्यवस्था प्रभावित

Jind: सर्दी के मौसम के साथ ही धुंध ने शनिवार को जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया। घनी धुंध के चलते यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई। तापमान लुढकने के चलते दिनभर कंपकंपी छुटती रही।;

Update:2023-12-23 17:36 IST
Haryana Weather Update
  • whatsapp icon

Jind: सर्दी के मौसम के साथ ही धुंध ने शनिवार को जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया। घनी धुंध के चलते यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई। हालांकि दोपहर को धुंध का असर कम हुआ और धूप खिली तो लोगों को कुछ राहत मिली। तापमान लुढकने के चलते दिनभर कंपकंपी छुटती रही। तापमान में गिरावट तथा धुंध को फसलों के लिए फायदेमंद माना जा रहा है।

ठंड बढ़ने के साथ ही तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। शनिवार को अधिकतम तापमान 22 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान सात डिग्री दर्ज किया गया। दृश्यता सिमट कर पांच मीटर रह गई। जबकि मौसम में आद्रता 50 प्रतिशत और हवा की गति छह किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार ठंड ओर बढे़गी, साथ ही तापमान में भी गिरावट आएगी। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों काे सलाह दी कि वे फसलों में शाम को हल्की सिंचाई अवश्य करें।

सड़कों पर रेंगे वाहन, देरी से शुरु हुई दिनचर्या
शनिवार को सुबह की शुरूआत घनी धुंध के साथ हुई। सड़कों पर वाहनों को एक दूसरे के पीछे लाइट जलाकर रेंगते देखा गया। यातायात के साधन देरी से निकले और देरी से ही अपने गंतव्य पर पहुंचे। सड़क किनारे घनी धुंध व कोहरे के बीच छात्रों को भी ठिठुरते देखा गया। लगभग 11 बजे सूर्य देवता ने आसमान से दर्शन दिए तो धुंध छंटना शुरु हुई। जिसके बाद लोगों को ठंड से राहत मिली।

धुंध तथा ठंड फसलों के लिए फायदेमंद
कृषि विशेषज्ञों के अनुसार धुंध तथा ठंड फसलों के लिए फायदेमंद है, जिससे फसलों को अच्छी ग्रोथ मिलेगी और फुटाव भी होगा। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी कि वे तापमान में गिरावट व ठंड को देखते हुए खेतों में शाम को हल्की सिंचाई जरूर करें। इसके अलावा खेतों में खाद का भी प्रयोग करें। पांडू पिंडारा कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक डाॅ. राजेश ने बताया कि पहाड़ो में हुई बर्फबारी के कारण तापमान में ओर गिरावट आएगी। जिसके साथ कड़ाके की ठंड ओर बढ़ेगी। किसान शाम को अपनी फसलों में सिंचाई अवश्य करें।

सुबह कोहरा, दोपहर को निकली धूप
सर्दी बढ़ने के साथ ही सुबह व रात को कोहरा होने लगा है। सुबह देर तक कोहरा रहा तो दोपहर को धूप निकलने से लोगों को सर्दी से राहत मिली। कोहरा होने से फसलों के अनुकूल मौसम बनेगा। वाहन चालक वाहनों की लाइट जला कर आवागमन करते नजर आए। उचाना थाना प्रभारी बलवान बूरा वाहन चालकों से अतिरिक्त सावधानी बरतने, यातायात के नियमों पर पूरी तरह से ध्यान रखकर वाहन चलाने की हिदायत देते हुए कहा कि मौसम में बदलाव के चलते अक्सर सड़क हादसे हो जाते है। अगर वाहन चालक थोड़ी सी भी सावधानी बरतें तो कोहरे में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लग सकती है।

Similar News