Yamunanagar : हरियाणा के यमुनानगर में लारेंस बिश्नोई गैंग के शूटर राजन की निर्मम हत्या कर दी। शूटर राजन के हाथ पांव बांधकर उसे जिंदा ही आग के हवाले कर दिया। वारदात को आरोपियों ने पश्चिती यमुना नगर के किनारे अंजाम दिया। पुलिस को मृतक का जला हुआ शव बरामद हुआ। वहीं, राजन की हत्या की जिम्मेदारी देवेंद्र बंबीहा ने फेसबुक पर पोस्ट करते हुए ली है। पुलिस ने राजन के मौसेरे भाई प्रिंस को बुलाकर उसकी शिनाख्त करवाई। जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

कई बड़ी गैंगवार में शामिल रहा शूटर राजन

जानकारी अनुसार लारेंस बिश्नोई गैंग का शूटर राजन कई बड़ी गैंगवार में शामिल रहा है। राजन के खिलाफ पुलिस में कई केस दर्ज है। गैंगवार के चलते राजन के कई दुश्मन भी बन चुके थे, जिसके कारण किसी ने उसकी निर्मम हत्या कर दी। राजन की हत्या का समाचार मिलते ही मौके पर कोहराम मच गया। हालांकि पुलिस अधिकारिक तौर पर कुछ भी कहने से अभी बच रही है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि पश्चिमी यमुना नहर के पास एक युवक का जला हुआ शव पड़ा है। उन्होंने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू कर दी। साथ ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

देवेंद्र बंबीहा ने फेसबुक पर पोस्ट डालकर ली हत्या की जिम्मेदारी

लारेंस बिश्नोई गैंग के शूटर राजन की हत्या की जिम्मेदारी गैंगस्टर देवेंद्र बंबीहा ने ली है। उसने फेसबुक पर पोस्ट डालकर वायरल की है, जिसमें लिख है कि राजन की हत्या की जिम्मेदारी देवेंदर बंबीहा द्वारा ली जा रही है। यह कत्ल लक्की पटियाल व अर्श डल्ला ने करवाया है। इसने लारेंस व विष्णु के कहने पर लक्ष्मण देवासी सांचौर का मर्डर किया था। यह भगौड़ा चल रहा था। इसको तिहाड से उठाकर चंगा मान तान करके यमुनानगर के पास गोली मारी है। पुलिस अधिकारी से जब इस पोस्ट के बारे में पूछा गया तो उन्होंने इसके बारे में अनभिज्ञता प्रकट की।

क्या कहते हैं जांच अधिकारी

सदर यमुनानगर थाना प्रभारी जोगिंद्र सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया गया है। मृतक के परिवार को सूचना दी गई है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही हत्या का खुलासा किया जाएगा।