Logo
बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के मुंबई स्थित घर पर फायरिंग के मामले में हरियाणा में पानीपत व मुंबई पुलिस की टीम ने लॉरेंस गैंग के शूटर सुखबीर उर्फ सुक्खा उर्फ शेरा को पानीपत के एक होटल से गिरफ्तार कर लिया है।

Salman Khan Firing Case: बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के घर पर करीब छह माह पहले हुए फायरिंग के शूटर को मुंबई व पानीपत पुलिस की ज्वाइंट टीम ने पानीपत के एक होटल से गिरफ्तार किया है। पानीपत के रेंर कलां निवासी लॉरेंस गैंग का शूटर सुखबीर उर्फ सुक्खा उर्फ शेरा एक होटल में छुपा हुआ था। जिसकी भनक लगने के बाद मुंबई पुलिस ने पानीपत पुलिस से संपर्क किया तथा दोनों की संयुक्त टीम ने होटल पर छापा मारकर सुक्खा को गिरफ्तार कर लिया। जिस समय सुक्खा को गिरफ्तार किया, वह नशे में धुत था।

लंबे समय से लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा है सुक्खा

शुरुआती जांच में पता चला है कि रेंर कलां निवासी सुखबीर लंबे समय से लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा हुआ है। सुक्खा ने प्रदेश के कई गांवों में अपना नेटवर्क बनाया हुआ है, जिसमें कई लड़के शामिल बताए जा रहे हैं। बताया जाता है कि शूटर सुखविंद्र ने ही अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग करने वाले शूटरों को हथियार मुहैया करवाए थे।

तलाशी के दौरान पुलिस को उसके पास से कोई हथियार भी नहीं मिले। करीब 6 माह पहले दो बाइक सवार सलमान खान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के सामने चार राउंड फायरिंग हुई थी। जिसकी जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली थी। जिसमें सुखबीर उर्फ सुक्खा का भी नाम आया था। तभी से फरार चल रहे आरोपी की नवी मुंबई पुलिस को तलाश थी।

होटल में छिपा था शूटर, नहीं मिला कोई हथियार

लॉरेंस गैंग का शूटर सुखबीर उर्फ शेरा पानीपत की नई अनाज मंडी के पास एक होटल में छुपा हुआ था। सेक्टर 29 थाना प्रभारी सुभाष चंद ने बताया कि करीब साढ़े 10 बजे नवी मुंबई की पनवेल सिटी पुलिस पहुंची तथा होटल में छुपे आरोपी को पकड़ने के लिए मदद मांगी। उच्चाधिकारियों से संपर्क के बाद संयुक्त टीम का गठन किया तथा पुलिस की जॉइंट टीम ने नई अनाज मंडी कट के पास स्थित एक निजी होटल पर पहुंचे। रिसेप्शन पर पूछताछ में शूटर के शाम से होटल में ठहरने की पुष्टि की।

पुलिस जब कमरे में पहुंची तो शूटर नशे में धुत मिला। फोटो से शूटर के चेहरे का मिलान नहीं हुआ परंतु दस्तावेजों से उसकी पहचान रेंर कलां निवासी सुखबीर उर्फ सुक्खा उर्फ शेरा के रूप में हुई। नशे के कारण ठीक से अपना नाम भी नहीं बता पा रहा था। तलाशी के दौरान उसके पास कोई हथियार नहीं मिला।

मोबाइल लोकेशन से पकड़ में आया शूटर

सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में सुक्खा का नाम सामने आया था। जिसके बाद से पुलिस सोशल मीडिया अकाउंट व मोबाइल फोन से आरोपी की तलाश में थी। मोबाइल फोन से मिली लोकेशन से पीछा करते हुए मुंबई पुलिस पानीपत पहुंची। अब पानीपत और मुंबई पुलिस शूटर का पुराना रिकॉर्ड खंगाल रही है, ताकि सुखबीर की पूरी कुंडली निकाली जा सके। सलमान खान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के घर के बाहर करीब छह माह पहले हुई फायरिंग की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली थी।

यह भी पढ़ें:- Bishnoi-Salman: लॉरेंस का फोन नंबर मांग रहीं सलमान खान की Ex गर्लफ्रेंड, सोमी अली ने बिश्नोई को खुलेआम दिया ये ऑफर

5379487