Accident in Karnal: हरियाणा में सर्दी के साथ-साथ कोहरे का भी कहर देखने को मिल रहा है। कोहरे के चलते करनाल में बीते दिन बुधवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। दरअसल, विजिबिलिटी कम होने के चलते करनाल के असंध रोड स्थित गांव कतलेहड़ी के पास दो गाड़ियां आपस में भिड़ गई हैं। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर जान चली गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इलाज के लिए उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा इतना भयानक था की कार के परखच्चे उड़ गए हैं। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है। 

रात 9 बजे के करीब हुआ हादसा 

 
घटना के बारे में जानकारी देते हुए जुंडला निवासी मेजर सिंह वडैच (42) के परिजन संता सिंह ने बताया कि मूलरुप से बबरेहड़ी गांव के रहने वाले डॉक्टर राजेश करनाल में रहते थे। बीते दिन बुधवार शाम 6 बजे के करीब गांव आए थे। जिसके बाद डॉक्टर ने मेजर सिंह को गांव चलने के लिए कहा। वहां पर कुछ काम है और आते समय तुम्हें गांव छोड़ू दूंगा। लेकिन होना तो कुछ और था। संता सिंह ने आगे कहा कि बुधवार को घना कोहरे के चलते विजिबिलिटी काफी कम थी। रात 9 बजे के करीब डॉक्टर राजेश व मेजर सिंह गाड़ी में सवार होकर गांव बबरेहड़ी से करनाल वापस आ रहे थे। इसी दौरान जैसे ही वह गांव कतलेहड़ी के पास पहुंचे तो सामने से आ रही दूसरी कार से जबरदस्त टक्कर हो गई। दोनों कारों में सवार चार लोगों को गंभीर चोट आईं।

घायलों की हालत गंभीर

संता सिंह ने बताया कि हादसे की जानकारी किसी राहगीर ने पुलिस व एंबुलेंस को फोन कर जानकारी दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची एंबुलेंस घायलों को करनाल के अस्पताल में लेकर पहुंची। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मेजर सिंह को मृत घोषित कर दिया। जबकि, अन्य 3 लोग यानी डॉक्टर राजेश व दूसरी गाड़ी में सवार दो लोगों का इलाज शुरू कर दिया। जहां पर डॉक्टर राजेश व दूसरे गाड़ी चालक की हालत अभी गंभीर बनी हुई है।

पिता को मुखाग्नि भी नहीं दे पाया इकलौता बेटा

जानकारी के मुताबिक मेजर सिंह खेती बाड़ी का काम करते थे। उनके दो बच्चे हैं। बड़ा लड़का जश्न सिंह और एक छोटी बेटी। बेटी की अभी पढ़ाई चल रही है। अभी 3 माहिने पहले ही मृतक मेजर सिंह ने अपने 18 साल के बेटे जश्न सिंह को अमेरिका भेजा है। बेटे के अमेरिका जाने के बाद घर में पति पत्नी व उनकी छोटी बेटी थी। पिता के जाने के बाद उनके सिर से बाप का साया उठ गया। मेजर सिंह की मौत के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा है। बताते चलें कि सर्दी के समय कोहरे के चलते तमाम एक्सीडेंट की घटनाएं सामने आनी शुरु हो गई हैं। ऐसे में लोगों को ड्राइविंग करते समय एहतियातन धीमीं गति से गाड़ी चलानी चाहिए। 
ये भी पढ़ें:- Sonipat Breaking News: बिना लाइसेंस चल रहे अवैध नशा मुक्ति केंद्र पर सीएम फ्लाइंग व स्वास्थ्य विभाग का छापा