Logo
हरियाणा में भाजपा ने राई से विधायक मोहन लाल बड़ौली को प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त किया। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की तरफ से नियुक्ति पत्र जारी कर दिया गया। नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने सीएम नायब सैनी से मुलाकात की और आभार प्रकट किया।

Haryana: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मंगलवार को विधायक मोहन लाल बड़ौली को हरियाणा भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया। इस बाबत राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा की ओर से पत्र भी जारी कर दिया गया। मोहन लाल बड़ौली के प्रदेश अध्यक्ष बनने पर पूरे प्रदेश में भाजपाईयों ने मिठाईयां बांटी और एक दूसरे को बधाईयां दी। नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली 1989 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े और बाद में भाजपा में दायित्वान कार्यकर्ता बने। 1995 में मंडल अध्यक्ष मुरथल का पद संभाला। इनेलो के शासन में जिला परिषद के सदस्य बने और राई विधानसभा से 22 अक्टूबर 2019 को चुनाव लड़ा व जीत हासिल की। बड़ौली राई सीट से विधानसभा चुनाव जीतने वाले पहले बीजेपी नेता हैं।

राई तहसील के गांव बड़ौली में 1963 में हुआ जन्म

मोहन लाल बड़ौली का जन्म 1963 में सोनीपत जिले की राई तहसील के गांव बड़ौली में हुआ था। उनके पिता कली राम कौशिक अपने गांव में एक प्रतिष्ठित कवि के साथ-साथ पंडित लख्मीचंद के प्रशंसक थे। बड़ौली पेशे से किसान और कपड़ा व्यापारी भी हैं। बड़ौली को पार्टी द्वारा 2020 में सोनीपत जिला अध्यक्ष का दायित्व दिया गया। कड़ी मेहनत और निष्ठा को देखते हुए भाजपा ने बड़ौली को 2021 में प्रदेश महामंत्री के साथ ही हरियाणा भाजपा की कोर टीम में शामिल किया व 2024 में सोनीपत लोकसभा से प्रत्याशी बनाकर चुनाव के मैदान में उतारा। बड़ौली के लंबे संगठन के अनुभव को देखते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अब मोहन लाल बड़ौली को हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है।

प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त होने पर मुख्यमंत्री से मिले मोहन लाल बड़ौली

हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त होने पर मोहन लाल बड़ौली मुख्यमंत्री आवास संत कबीर कुटीर पहुंचे और मुख्यमंत्री नायब सैनी से पहली मुलाकात की। दोनों नेताओं ने गर्मजोशी से एक दूसरे का स्वागत किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री नायब सैनी ने मोहन लाल बड़ौली को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त होने पर बधाई दी। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि हमें पूर्ण विश्वास है कि बड़ौली के नेतृत्व में हरियाणा में संगठनात्मक कार्यों को एक नई दिशा मिलेगी और फिर से तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी। प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त होने पर मोहन लाल बड़ौली ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री नायब सैनी, पूर्व सीएम एवं केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का आभार प्रकट किया।

बड़ौली के प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त होने पर भाजपा नेताओं ने सोशल मीडिया के जरिए दी बधाई

मोहन लाल बड़ौली के प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त होने पर भाजपा नेताओं ने सोशल मीडिया के जरिए बडौली को शुभकामनाएं दी। पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने ट्वीटर पर लिखा कि मोहन लाल बड़ौली के उर्जावान नेतृत्व और संगठनात्मक अनुभव से संगठन जमीनी स्तर पर अधिक मजबूत होगा। विधानसभा चुनाव सह प्रभारी एवं सांसद बिप्लब कुमार देब ने प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त होने पर बड़ौली को बधाई देते हुए कहा कि बड़ौली के संगठन कौशल एवं कार्यकुशलता से प्रदेश भाजपा सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित करेगी व विधानसभा चुनाव में प्रचंड विजय प्राप्त करेगी।

5379487