Narnaul: क्षेत्र में बर्फिली हवाओं ने कहर बरपाया हुआ है, जिससे रिकॉर्ड तोड़ हाड़कंपा देने वाली ठंड अपने तीखे तेवरों से आगाज किए हुए हैं। मौसम विभाग ने आने वाले दो दिनों 20-21 जनवरी के लिए सम्पूर्ण हरियाणा एनसीआर दिल्ली पर रेड अलर्ट व अगले तीन दिनों के लिए सम्पूर्ण इलाके पर ऑरेंज अलर्ट बढ़ा दिया है। सम्पूर्ण हरियाणा एनसीआर दिल्ली में वायुमंडल की ऊपरी सतह पर बादलों के रूप में कोहरा और निचले स्तर पर धुंध व कोहरा छाया रहने से दोपहर बाद तक सूर्य देव के दर्शन नहीं हो रहे है।

पारा लुढ़क कर पहुंचा 5 डिग्री से नीचे

मौसम विशेषज्ञ डॉ. चन्द्रमोहन ने बताया कि हरियाणा एनसीआर दिल्ली में दिन का तापमान 10.0 डिग्री सेल्सियस से 15.0 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हो रहा है। हरियाणा एनसीआर दिल्ली में लगातार रात्रि तापमान एकल संख्या में बने हुए है। जहां पारा लुढ़क कर 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। शुक्रवार को हरियाणा एनसीआर दिल्ली में अधिकतर स्थानों पर रात्रि तापमान 4 डिग्री सेल्सियस से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जबकि दिन का तापमान 9 डिग्री सेल्सियस से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। वहीं नारनौल व महेंद्रगढ़ का दिन का तापमान 17 डिग्री सेल्सियस व 10.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नारनौल व महेंद्रगढ़ में रात्रि तापमान 6 डिग्री सेल्सियस और 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

ठिठुरती ठंड से बचाव के लिए अलाव बनी सहारा

कनीना क्षेत्र में कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी है। शुक्रवार को दिनभर सूरज नहीं निकला। जिससे सामान्य जन जीवन अस्त व्यस्त रहा। बता दें कि पिछले पखवाड़ेभर से समूचा उत्तर भारत कड़ाके की ठंड की चपेट में है। जिससे आम जनमानस कठिन परिस्थिति से गुजर रहा है। पौष मास कृष्ण पक्ष के प्रारंभ से ही ठंड ने तेवर दिखाने शुरू किए थे, जो अभी तक लगातार बने हुए हैं। अत्यधिक ठंड से दुधारू पशुओं की दूध देने की क्षमता में 10-20 फीसदी तक कमी आई है। हालांकि ग्रामीण पशुओं को ठंड से बचाने का प्रयास कर रहे हैं। ठिठुरती ठंड के मारे घरों में दुबके ग्रामीण जरूरत होने पर ही घरों से निकलने पर मजबूर है। ठंड के चलते रोजमर्रा की जिंदगी ठहर गई है। अत्यधिक ठंड फसलों के लिए वरदान साबित होगी। सरसों व गेहूं की फसल को भरपूर लाभ मिल रहा है। सर्दी से बचाव के लिए ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के नागरिक अलाव जलाकर सर्दी दूर करने का प्रयास कर रहे हैं।