Logo
Nayab Saini Oath Ceremony: नायब सिंह सैनी आज दूसरी बार हरियाणा के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। इस दौरान पीएम मोदी से लेकर 18 राज्यों के सीएम करेंगे शिरकत।

Haryana CM Oath Ceremony: हरियाणा में नायब सिंह सैनी आज गुरुवार यानी 17 अक्टूबर को दूसरी बार सीएम पद की शपथ लेंगे। यह शपथ ग्रहण समारोह करीब सवा 1 बजे पंचकूला के दशहरा ग्राउंड में होगा। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बतौर मुख्य अतिथि पहुंचेंगे। इसके अलावा केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, मनोहर लाल, 18 राज्यों के मुख्यमंत्री समेत तमाम बीजेपी नेता भी शिरकत करेंगे। हरियाणा में नायब सिंह सैनी के शपथ समारोह से जुड़ी हर अपडेट के लिए जुड़े रहें हरिभूमि के साथ...

Haryana CM Oath Ceremony Live

देश में पीएम मोदी का बज रहा डंका- ललन सिंह

केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन (ललन) सिंह हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने चंडीगढ़ पहुंचे। उन्होंने कहा कि हरियाणा की जीत ने साबित कर दिया है कि आज पूरा देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम का जश्न मना रहा है। तीसरी बार सरकार बनाना कोई आसान काम नहीं है। कांग्रेस पार्टी और पूरे भारत गठबंधन ने हरियाणा चुनाव में हर तरह का नकारात्मक प्रचार किया, लेकिन हरियाणा की जनता ने सभी नकारात्मक प्रचार को खत्म करके मोदी जी के सुशासन पर मुहर लगा दी।

यह प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शिता- मनजिंदर सिंह सिरसा

केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी और भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए चंडीगढ़ पहुंचे हैं। इस दौरान भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि यह प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शिता और पिछले 10 वर्षों में उनके द्वारा किए गए कार्यों का परिणाम है।

मुझे खुशी है तीसरी बार सरकार बन रही- ओडिशा की डिप्टी सीएम

नायब सिंह सैनी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए ओडिशा की उपमुख्यमंत्री प्रवती परिदा चंडीगढ़ पहुंचीं। उन्होंने कहा कि मुझे खुशी है कि हमारी पार्टी यहां तीसरी बार सरकार बना रही है, मैं राज्य की जनता का आभार व्यक्त करती हूं।

तीसरी बार डबल इंजन की सरकार बनाने के लिए धन्यवाद- गोवा सीएम

गोवा के सीएम प्रमोद सावंत हरियाणा के भावी सीएम नायब सिंह सैनी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने चंडीगढ़ पहुंचे। उन्होंने कहा, "मैं हरियाणा के लोगों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तीसरी बार डबल इंजन वाली सरकार बनाने के लिए धन्यवाद देता हूं"

केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले पहुंचे चंडीगढ़

केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए चंडीगढ़ पहुंचे। उन्होंने कहा कि आज नायब सिंह सैनी हरियाणा के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। हरियाणा की जनता ने तीसरी बार भाजपा को सत्ता में वापस लाया है। मैं हरियाणा की जनता का आभार व्यक्त करता हूं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा मजबूत हो रही है। मैं यहां केंद्रीय मंत्री और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (अठावले) के प्रतिनिधि के तौर पर आया हूं।

शपथ के बाद होगी एनडीए नेताओं की बैठक- नायब सैनी

हरियाणा के मनोनीत मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज शपथ ग्रहण समारोह में सीएम, डिप्टी सीएम और एनडीए के वरिष्ठ नेता हिस्सा लेंगे। इसके बाद एनडीए नेताओं की बैठक होगी।

सीएम सैनी के साथ 13 मंत्री लेंगे शपथ

हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सैनी की शपथ के साथ ही 13 विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे। सूत्रों के मुताबिक, मंत्री पद की लिस्ट में अनिल विज, कृष्ण लाल पंवार, कृष्ण बेदी, डॉ कृष्ण लाल मिड्डा, डॉ अरविंद शर्मा, गौरव गौतम, राजेश नागर, विपुल गोयल आरती राव, राव नरवीर सिंह, रणवीर सिंह गंगवा, श्रुति चौधरी और महिपाल ढांडा का नाम शामिल है।

नायब सैनी ने महर्षि वाल्मीकि जयंती पर की पूजा-अर्चना

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर पंचकूला के वाल्मीकि मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने कहा कि मेरे लिए यह सौभाग्य की बात है कि आज भगवान वाल्मीकि की जयंती है। उन्होंने समाज में व्याप्त बुराइयों को खत्म करने का काम किया और समाज को एक संदेश दिया। आज मेरा सौभाग्य है कि मुझे भगवान वाल्मीकि के चरणों में पूजा करने का अवसर मिला है। मैं उनकी जयंती पर सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं।

बता दें कि हरियाणा पूर्ण बहुमत से चुनाव जीतने के बाद बुधवार यानी 16 अक्टूबर को बीजेपी ने पंचकूला में भाजपा दफ्तर पंचकमल में विधायक दल की बैठक बुलाई। इस बैठक में पर्यवेक्षक केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव भी मौजूद रहे। बैठक में नायब सैनी को ही प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने का फैसला लिया गया।

5379487