घरौंडा में राजनाथ की हुंकार: बोले, कांग्रेस ने हमेशा झूठ बोलकर जनता को दिया धोखा, सेना को किया कमजोर
- कार्यक्रम में संबोधित करते हुए रक्षामंत्री राजनाथ सिंह।
- कार्यक्रम में संबोधित करते हुए रक्षामंत्री राजनाथ सिंह।
घरौंडा/करनाल: देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने घरौंडा में आयोजित विजय संकल्प रैली में हुंकार भरते हुए कांग्रेस समेत पूरे विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा झूठ की राजनीति की। अब तो उनके मंसूबे और खतरनाक हो गए हैं। कांग्रेस के नेता राहुल गांधी कहते हैं कि अगर किसी के घर के मुखिया की मृत्यु हो जाती है तो उसकी आधी संपत्ति ले ली जाएगी, क्या देश का कोई नागरिक ऐसे कानून को स्वीकार करेगा। वह कांग्रेस नेताओं से पूछना चाहते हैं कि क्या उनके शासनकाल में हर रोज घोटाले नहीं हो रहे थे। भ्रष्टाचार के मामले में अदालत के आदेश पर उनके मंत्री को जेल की हवा खानी पड़ी थी। सैम पित्रोदा अनाप शनाप बयान देते थे, इसी कारण कांग्रेस ने उन्हें हटाया।
मोदी सरकार बनने पर होगा वन नेशन वन इलेक्शन
राजनाथ सिंह ने कहा कि देश में हर साल विधानसभा चुनाव होते हैं, पांच साल में लोकसभा चुनाव होते हैं। समय और पैसा बर्बाद होता है। तीसरी बार मोदी सरकार बनने पर वन नेशन, वन इलेक्शन करवाया जाएगा। ये बहुत पहले हो जाना चाहिए था। लेकिन कांग्रेस वाले कहते थे कि यह संभव नहीं है। असंभव को संभव करने की ताकत किसी में है तो वो भाजपा में है। वो ताकत केंद्र की मोदी सरकार में है। 2004 से लेकर 2014 तक कांग्रेस की सरकार थी, तब देश अर्थव्यवस्था के मामले में 11वें स्थान पर था। जब से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सत्ता में आए हैं, हम 11वें नंबर से छलांग लगाकर 5वें स्थान पर पहुंच गए हैं। आज हमारा दुनिया में डंका बजता है। 2027 तक भारत दुनिया की अमेरिका और चीन के बाद तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था होगी। अमेरिका होगा, चीन होगा, उसके बाद भारत होगा।
2047 तक भारत बनेगा विश्व की महाशक्ति
राजनाथ सिंह ने कहा कि 2047 तक भारत विश्व की महाशक्ति बनेगा। पाकिस्तानी सांसद ने भी कहा कि भारत विश्व की महाशक्ति बनने जा रहा है। हरियाणा के लोग स्वाभीमानी होते हैं, वे भूखे रह लेंगे, लेकिन अपने स्वाभीमान से समझौता नहीं करेंगे। राजनाथ ने कहा कि आज नए भारत का निर्माण हो रहा है, आप खुशकिस्मत हैं कि आपके यहां मनोहर लाल प्रत्याशी हैं। देश का मस्तक ऊंचा होना चाहिए। लक्ष्मी कमल के फूल पर घर आती हैं, इसलिए कमल का बटन दबाना है। मेरी अंतिम बात सुन लीजिए कि आप मनोहर लाल को केवल सांसद नहीं चुन रहे हैं, कुछ और ही चुन रहे हैं।
कांग्रेस ने झूठ की राजनीति की
राजनाथ ने कहा कि 50 साल से ज्यादा तक जनता ने कांग्रेस को सत्ता सौंपे रखी। पंडित जवाहरलाल नेहरू कहते थे कि भारत आजाद हो गया है, अब गरीबी खत्म करेंगे। इंदिरा गांधी भी कहती थी कि गरीबी खत्म करेंगे, मनमोहन सिंह भी कहते थे कि गरीबी खत्म करेंगे, लेकिन उनसे कुछ नहीं हो पाया। उन्होंने हमेशा वोट बैंक के लिए झूठ की राजनीति की है। लेकिन आजाद भारत में पहली बार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला। देश से गरीबी को पूरी तरह समाप्त करने में 10-15 साल का और समय लगेगा। देश में लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार बनने पर देश में गरीबी पूरी तरह खत्म करके दिखाएंगे।
इंदिरा ने देश में इमरजेंसी लगाई
राजनाथ ने कहा कि कांग्रेस कहती है कि मोदी तानाशाह हैं। 1975 के चुनाव में इंदिरा गांधी चुनाव हार गई थी, लेकिन उन्होंने क्या किया कि देश में इमरजेंसी लगा दी। मेरी उम्र भी 24 साल की थी। मुझे 18 महीने जेल में रहना पड़ा। कांग्रेस के कारण लोकतंत्र का गला घोंटा गया। मेरी मां की सदमें में मौत हो गई। कांग्रेस सरकार ने मुझे पैरोल तक नहीं दी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस शासन में भ्रष्टाचार चरम पर था, हमारी सरकार ने लगभग 22 हजार करोड़ रुपए भ्रष्टाचारियों से वसूल किए हैं। इन लोगों ने जनता का खून चूसा है। ये बहुत चालक हैं, गलत तर्क पेश करके जनता को गुमराह करने का काम कर रहे हैं। कांग्रेस ने सेना के उपकरणों में घोटाले कर सेना को कमजोर करने का काम किया।
केजरीवाल ने जनता को दिया धोखा
राजनाथ सिंह ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने भी जनता को धोखा दिया। वह झूठा प्रचार कर रहे हैं कि सरकार ने जेल में भिजवाया, लेकिन ऐसा नहीं है। शराब घोटाले के मामले में संजय सिंह भी जेल में गए। जांच एजेंसियां अपना काम कर रही है। कानून अपना काम करेगा। जिसने भी गलत काम किया है, वह जेल में होगा। हमारी सरकार गरीबों की सरकार, महिलाओं की सरकार है, आपकी सरकार है। हम भ्रष्टाचार को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेंगे। दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल पर बोलते हुए कहा कि क्या आप चाहते हैं हमारी सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई न करे। कांग्रेस कभी भी भ्रष्टाचार को रोक नहीं पाई। लेकिन नरेन्द्र मोदी ने भ्रष्टाचार खत्म कर दिया।
सैम पित्रोदा को लेकर कसा तंज
राजनाथ सिंह ने कहा कि सैम पित्रोदा कहते हैं कि भारत में ऐसा करना चाहिए कि घर का मुखिया मर जाए तो उसकी संपत्ति सरकार को दे दी जाए। ये कितनी हास्यास्पद बात है। ईश्वर कांग्रेस और उसके लोगों को सद्बुद्धि दे। रक्षा मामले में हम किसी से कमजोर नहीं हैं। हमने जवानों के सम्मान में वन रैंक वन पेंशन सही प्रकार लागू किया है। राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस में एक से एक जीव हो गए। राहुल गांधी कह रहे हैं कि आपकी संपत्ति का सर्वे कराया जाएगा, आप लोग तो खुश होंगे। पता नहीं इन्हें क्या हो गया है। रक्षा के मामले में भी हम लोग कमजोर नहीं हैं। ये तो कह चुके थे कि सेना में गिनती कराओ कि कितने हिंदू हैं, कितने सिख हैं, कितने ईसाई हैं।
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS