Assembly Election 2024: हरियाणा में मतदान से पहले एक बार फिर डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम जेल से बाहर आएगा। हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए 5 अक्तूबर को मतदान होगा। चुनाव आयोग ने सरकार को इसके लिए मंजूरी दे दी है। हर बार चुनावी सीजन में जेल से बाहर आने पर राम रहीम को इस बार शर्त के साथ अनुमति दी गई है। वह वोटिंग तक हरियाणा में नहीं जा सकेगा। इसके साथ ही राम रहीम पर किसी तरह विधानसभा चुनाव को प्रभावित करने, कोई जनसभा करने और सोशल मीडिया के जरिए किसी तरह की अपील करने पर पाबंदी रहेगी। इन सभी शर्तों की अवहेलना करने पर राम रहीम की पैरोल को तुरंत रद्द कर उसे वापस जेल भेजने के निर्देश हैं। 

हरियाणा चुनाव आयोग के प्रवक्ता एचसीएस अधिकारी मनीष लोहान ने इसके बारे में कहा कि सरकार ने राम रहीम को आपातकालीन वजह बताकर पैरोल देने के संबंध में परामर्श के लिए आयोग को पत्र भेजा था। पत्र में लिखा कि राम रहीम जेल से बाहर आने के बाद हरियाणा में नहीं आएगा। इसके अलावा वह चुनाव को किसी भी तरह प्रभावित नहीं करेगा और न कोई जनसभा या सोशल मीडिया पर अपील करेगा। 

इसके बाद चुनाव आयोग ने सरकार से पूछा था कि राम रहीम को पैरोल देने के लिए उक्त सभी शर्तों की जांच कर लें। इसकी पुष्टि कर लें कि इन शर्तों की पालना पूरी तरह से होगी। इसके बाद सरकार अपने स्तर पर राम रहीम के पैरोल देने या न देने पर फैसला ले सकती है।

रोहतक की जेल में सजा काट रहा है राम रहीम
रोहतक की सुनारिया जेल में दुष्कर्म और हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे डेरा प्रमुख राम रहीम को सातवीं बार 13 अगस्त को 21 दिनों की फरलो मिली थी। 5 सितंबर को पैरोल के बाद सुनारिया जेल लौट आया था।कहा जा रहा है कि राम रहीम अब विधानसभा चुनाव से ठीक पहले बाहर आना चाहता है। इसके लिए जेल विभाग के माध्यम से 20 दिन की आपात पैरोल मांगी है। सियासी हलकों में इसे चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। उनका पंजाब से लगती विधानसभा सीटों पर प्रभाव माना जाता है। अब सोमवार को राम रहीम की पैरोल पर निर्णय आ सकता है। 

कब-कब चुनाव से पहले राम रहीम जेल से बाहर आया 

  • बरोदा उप चुनाव : 20 अक्तूबर 2020 को मां से मिलने के लिए एक दिन की पैरोल मिली। नंबर 2020 में उप चुनाव हुआ था।
  • पंजाब विस चुनाव : फरवरी 2022 में पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले 21 दिन की पैरोल मिली।
  • राजस्थान विस चुनाव : 25 नवंबर 2023 को राजस्थान विधानसभा चुनाव से पहले 21 दिन की पैरोल मिली।
  • लोकसभा चुनाव : 25 मई 2024 को हुए लोकसभा चुनाव हुए। राम रहीम को 19 जनवरी को 50 दिन की पैरोल मिली। 
  • हरियाणा विस चुनाव : 13 अगस्त 2024 को राम रहीम को 21 दिन की फरलो मिली।