योगेंद्र शर्मा, हरियाणा: आखिरकार हरियाणा में नई सरकार और नए मुख्यमंत्री नायब सैनी के कमान संभालने के साथ ही अधिकारियों के भी ताबड़तोड़ तबादले, नियुक्ति और इस्तीफों का दौर चल पड़ा है। कुल मिलाकर हरियाणा सरकार के मुख्य सचिव संजीव कौशल को समय से पहले लंबे अवकाश पर भेजकर अब मुख्य सचिव के तौर पर टीवीएसएन प्रसाद को लगाया गया है। इस प्रकार से हरियाणा के मुख्य सचिव अब वरिष्ठ आईएएस अधिकारी टीवीएसएन प्रसाद होंगे। यहां पर बता दें कि अभी संजीव कौशल की सेवानिवृत्ति में कुछ समय बचा है। जिस प्रकार मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर का इस्तीफा हुआ और नए मुख्यमंत्री नायब सैनी का शपथ ग्रहण में विश्वास मत हासिल हुआ। इसी प्रकार से अफसरशाही में भी चौंकाने वाले फैसले हो रहे हैं।

5 आईएएस अधिकारियों के हुए तबादले

हरियाणा के नए मुख्य सचिव संजीव कौशल के अवकाश पर जाने के बाद टीवीएसएन प्रसाद मुख्य सचिव नियुक्त किए गए है। टीवीएसएन प्रसाद समेत 5 आईएएस के तबादले कर दिए गए हैं। इसके अलावा 17 हरियाणा सिविल सर्विस के अधकारियों के भी तबादले किए गए हैं। इन सब में सबसे ज्यादा चर्चा हरियाणा के मुख्य सचिव संजीव कौशल को वक्त से पहले बदल दिए जाने को लेकर हो रही है। वहीं, हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के अध्यक्ष भोपाल सिंह का भी इस्तीफा हो गया है। इस संबंध में कमीशन के अध्यक्ष भोपाल सिंह ने इसकी पुष्टि कर दी है। उनको उम्मीद है कि आने वाले वक्त में उन्हें एक बार फिर मौका दिया जाएगा। हरियाणा सिविल सर्विस के अधिकारी विवेक कालिया की सीएमओ में एंट्री हो गई और उन्हें मुख्यमंत्री के जनसंवाद ओएसडी लगाया गया है।

सियासी नियुक्तियां होंगी समाप्त

हरियाणा प्रदेश में पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल और पूर्व उपमुख्यमंत्री रहे दुष्यंत चौटाला के कार्यकाल में हुई सियासी नियुक्तियां भी शनिवार को आचार संहिता लगने के साथ ही समाप्त होने जा रही हैं। इसलिए बोर्ड और निगमों के अध्यक्ष भी लगभग अब पद से मुक्त हो जाएंगे। हरियाणा सरकार पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के करीबी रहे अभिमन्यु यादव की एक बार फिर सीएमओ ऑफिस में एंट्री हो गई है। उनको एक बार फिर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी के साथ कामकाज की कमान बतौर ओएसडी सौंपी जा रही है।

बिजली निगम के अध्यक्ष दास का इस्तीफा

हरियाणा बिजली निगम के अध्यक्ष और वरिष्ठ आईएएस अधिकारी रहे पीके दास ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। तमाम नियुक्ति और ताबड़तोड़ स्थिति का दौर देर रात तक चल रहा है। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री ऑफिस के कुछ अन्य अधिकारियों को भी विभागों में लगाकर नए अधिकारियों की एंट्री हरियाणा सचिवालय के चौथे फ्लोर पर करने की तैयारी है। देर रात इस प्रकार के आदेश जारी करने का होमवर्क पूरा हो चुका है। वहीं, हरियाणा पंजाब हाई कोर्ट में एडवोकेट जनरल बलदेव राज महाजन की ओर से भी पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के जाने के साथ ही अपने इस्तीफा की पेशकश की गई है। हालांकि देर रात तक उनका इस्तीफा स्वीकार होने की पुष्टि नहीं हुई है।