Logo
हरियाणा के पानीपत शहर में बदमाश सुबह साढ़े 10 बजे पीएनबी की मित्र शाखा से चार लाख से अधिक की राशि लूटकर फरार हो गए। घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

पानीपत। बदमाशों के हौंसले इतने बुलंद हैं कि अब दिनदहाड़े लूट की घटनाओं को अंजाम देने में भी हिचक नहीं रहे। शुक्रवार सुबह साढ़े 10 बजे शहर में पंजाब नेशनल बैंक की मित्र शाखा से चार बदमाश दिनदहाड़े गन प्वाइंट पर चार लाख से अधिक की राशि लूटकर फरार हो गए। कर्मचारियों ने रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने फायरिंग कर दी। लूट की यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई तथा पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए नाकेबंदी कर तलाश शुरू कर दी है।

भागते समय पीछा करने पर किया घायल 

शहर के धूप सिंह नगर में सुबह करीब साढ़े 10 बजे चार बदमाश पीएनबी की मित्र शाखा में घुसे। गन प्वाइंट पर कर्मचारियों को साइड में किया और दराज से पैसा निकालने लगे। जब कर्मचारियों ने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने फायरिंग कर दी। लूट के बाद बदमाश बाहर से लूटी गई दो बाइकों पर सवार होकर फरार हो गए। भागते समय कुछ लोगों ने बदमाशों का पीछा किया तो उन्हें भी घायल कर दिया।

पहले नकदी और फिर बाइक लूटी 

बताया जा रहा है कि मित्र शाखा में लूट के बाद बदमाशों ने फरार होने के लिए बाहर निकलने के बाद दो बाइक भी लूटी। जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि बदमाशों ने लूट की घटना को अंजाम देने के लिए पहले रेकी की थी। मित्र शाखा संचालक का कहना है कि बदमाश चार लाख से अधिक राशि लूटकर ले गए।

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

दिनदहाड़े मित्र शाखा में लूट की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तथा चारों तरफ नाकेबंदी कर दी। बदमाशों का पता लगाने के लिए पुलिस अब मित्र शाखा व आसपास लगे सीसीटीवी खंगाल रही है। समाचार लिखे जाने तक बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिल पाया था। दिनदहाड़े हुई लूट ने एक बार फिर कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

5379487