Logo
हरियाणा के अंबाला में अनिल विज का किसानों ने विरोध किया तो उनके बीच जाकर अनिल विज बोले कि किसानों पर गोली किसी के भी आदेश से चली, मैं उस समय गृह मंत्री था, मैं जिम्मेदारी लेता हूं। वह अब मंत्री नहीं है, लेकिन विधायक के तौर पर उनकी समस्याओं का समाधान करेंगे।

Ambala: गांव पंजोखरा साहिब में हरियाणा के पूर्व गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज चुनावी कार्यक्रम में पहुंचे तो ग्रामीणों ने उनका विरोध किया। ऐसे में अनिल विज ने अपनी गाड़ी रूकवाई और गाड़ी से उतरकर किसानों के बीच उनकी बात सुनने के लिए पहुंच गए। हाथ जोड़ते हुए पूर्व मंत्री अनिल विज ने कहा कि उन्होंने पंजोखरा साहिब में सबसे ज्यादा कार्य किए और वह लोगों से मिलने-जुलने के लिए गांव में पहुंचे हैं। किसानों ने पूर्व मंत्री अनिल विज से किसानों पर गोली चलाने वालों पर कार्रवाई की मांग की। पूर्व मंत्री अनिल विज ने कहा कि अब वह सरकार में मंत्री नहीं है और वह आपके ही भाई हैं। किसानों पर गोली किसी के भी आदेश से चली, मैं उस समय गृह मंत्री था और मैं उसकी जिम्मेदारी लेता हूं।

बतौर विधायक लोगों की समस्याओं का करवा रहे समाधान

अनिल विज ने कहा कि वो अब मंत्री नहीं है, हां आप लोगों के कार्य करने के लिए वो विधायक है। उनके क्षेत्र की समस्याओं का निवारण बतौर विधायक वह कर सकते हैं। एक किसान ने कहा कि आप तो मुख्यमंत्री बनोगे, जिस पर अनिल विज ने किसानों से कहा कि आप मेरे साथ तो खड़े नहीं होते, ऐसे में कैसे अम्बाला वाले को मुख्यमंत्री बना देंगे। पूर्व मंत्री अनिल विज ने किसानों से यह भी कहा कि आप और हम एक ही है, बेशक हमारे मुद्दे अलग-अलग हो सकते हैं। वहीं, किसानों ने गांव के एक गोहर को पक्का बनाने की मांग पूर्व मंत्री अनिल विज के समक्ष की। शंभू बार्डर खोलने, विरोध के दौरान जेल में डाले गए युवाओं को छोड़ने आदि मांग रखी।

भाजपा प्रत्याशी बंतो कटारिया के लिए प्रचार कर रहे थे अनिल विज

पूर्व मंत्री अनिल विज ने अम्बाला से भाजपा प्रत्याशी बंतो कटारिया के लिए चुनाव प्रचार कर रहे हैं, जिसके चलते गांव पंजोखरा साहिब में आयोजित एक कार्यक्रम में जा रहे थे। इसी दौरान किसानों ने उनका विरोध किया तो अनिल विज भी किसानों के बीच आए और उनकी बात को सुना। इसके बाद अनिल विज ने गांव खतौली, मंडौर, जनेतपुर, बरनाला, टुंडली, टुंडला व कलरहेड़ी में कई स्थानों पर चुनावी सभाएं की और नरेंद्र मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनाने का आह्वान किया।

5379487