Logo
हरियाणा में 12 से 14 तक सुबह को घना कोहरा देखने को मिल सकता है, रेवाड़ी में गुरुवार को सीजन का पहला पाला जमा और प्रदेश के नौ जिलों में कोल्ड अलर्ट जारी किया गया। फतेहाबाद का न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री पहुंच गया तथा प्रदेश में फतेहाबाद सबसे ठंडा रहा।

Fatehabad। हरियाणा में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। इसको देखते हुए मौसम विभाग की ओर से आज भी 9 जिलों में कोल्ड डे का यलो अलर्ट जारी किया है। इनमें पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार और करनाल जिले शामिल हैं। शेष जिलों के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। इन जिलों में 12 से 14 तक घनी धुंध को लेकर मौसम विभाग की ओर से वाहन चला रहे ड्राइवरों के लिए हिदायत दी गई है। 24 घंटे के आंकड़ों के अनुसार फतेहाबाद में सबसे कम 5.7 डिग्री तापमान रहा, यहां रात के तापमान में 2.9 डिग्री तक की कमी दर्ज की गई है। गुरुवार को प्रदेश के कई जिलों में सुबह से धूप खिली रही तो कुछ में धुंध व कोहरा देखने को मिला।

अब ग्रामीण क्षेत्रों में जम सकता है पाला

हरियाणा में रात के तापमान में 1.4 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आई है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में सुबह के समय धुंध 11 से 15 जनवरी तक रह सकती है। रात के तापमान में और कमी आने की संभावना है। इस कारण से सूबे के ग्रामीण इलाकों में अब पाला जमाव बिंदु की ओर जा सकता है। पाला जमने से किसानों के लिए मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं। विभाग की ओर से कहा गया है कि किसानों को इस मौसम में अपनी फसल की सुबह-शाम देखभाल जरूर करनी चाहिए।

13-14 जनवरी को छाएंगे बादल

हरियाणा एग्रीकल्चर यूनविर्सिटी (एचएयू) हिसार के मौसम विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ का कहना है कि प्रदेश में 15 जनवरी तक मौसम खुश्क रहेगा। 13 से 14 जनवरी को हल्के बादल छा सकते हैं। इस दौरान हल्की गति से उत्तर पश्चिमी शीत हवाएं चलने की संभावना है। इससे राज्य में दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है जबकि रात के तापमान में गिरावट आएगी। ज्यादातर इलाकों में सुबह धुंध छा सकती है। कड़ाके की ठंड और शीत लहर के बीच हरियाणा के कई शहरों में एक्यसूआई भी बढ़ गया है। रोहतक में प्रदूषण का स्तर 314 रहा जबकि बल्लभगढ़ में 215, फरीदाबाद में 222, फतेहाबाद में 296 दर्ज किया गया। हालांकि, कई शहरों में संतोषजनक स्थिति में रहा।

5379487