Sirsa Murder: सिरसा से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। दरअसल, सिरसा में एक पति ने अपनी पत्नी को कुल्हाड़ी से काटकर मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। घटना के बारे में पता लगते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस ने आरोपी की तलाश में शुरू कर दी है।

कुल्हाड़ी से वार कर की पत्नी की हत्या

पुलिस ने बताया कि सिरसा के कुरंगनवाली गांव से महिला की हत्या के मामले में कॉल प्राप्त हुई थी। सूचना पाते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तो पाया कि महिला की हत्या करने वाला कोई और नहीं, बल्कि महिला का पति ही थी। आरोपी पति हत्या के बाद मौके से फरार हो गया है। 

पुलिस के मुताबिक, मृतका का नाम हरप्रीत है। मृतका के पति को उसका गांव के एक डॉक्टर से अवैध संबंध का शक था। कुछ दिनों पहले मृतका का डॉक्टर से किसी बात को लेकर झगड़ा भी हो गया था। जिसके बाद हरप्रीत ने डॉक्टर के खिलाफ रोड़ी थाने में केस दर्ज कराया था। जब हरप्रीत को पुलिस ने रविवार 21 जुलाई को बयान देने के लिए बुलाया था, तब उसने बयान देने से मना कर दिया था।

बयान से मुकरने को लेकर विवाद

डॉक्टर के खिलाफ बयान नहीं देने को लेकर ही दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया था कि आरोपी हरदीप ने रविवार की रात करीब साढ़े 11 बजे अपनी पत्नी की गर्दन पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया और खुद फरार हो गया। हरप्रीत को घायल स्थिति में सिविल अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतका के परिजन का बयान 

इस मामले में मृतका के भाई ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन की शादी 13 साल पहले हरदीप सिंह के साथ हुई थी। उनके तीन बच्चे हैं। हरदीप पेशे से मिस्त्री है। जीजा दहेज के लिए पहले भी कई बार उसकी बहन को परेशान करता था। फिलहाल इस मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।