भजनलाल के गढ़ से सोनाली की बहन ने ठोंकी दावेदारी: भाजपा छोड़कर कांग्रेस का थामा दामन, कहा- बिश्नोई परिवार को देंगी कड़ी टक्कर

Haryana Politics: हरियाणा विधानसभा चुनाव में अब कुछ समय ही शेष बच चुका है। सभी राजनीतिक दल जीत हासिल करने के लिए रणनीतियां बनाने में जुटे हैं। इस बीच भाजपा नेत्री रही सोनाली फोगाट की बहन रुकेश पूनिया को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। दरअसल, रुकेश पूनिया ने चंडीगढ़ जाकर कांग्रेस का आवेदन भरा है। वह पूर्व मुख्यमंत्री रहे भजनलाल के गढ़ आदमपुर से चुनाव लड़ सकती हैं। चुनाव प्रचार के दौरान वह सोनाली फोगाट के समर्थकों से भी मिल रहीं हैं। ऐसा कहा जा रहा है कि वह अपनी बहन सोनाली फोगाट की राजनीति को आगे बढ़ाना चाहती हैं।
भाजपा पार्टी में न्याय नहीं मिला
मीडिया से बातचीत में रुकेश पूनिया ने कहा कि अगर कांग्रेस उन्हें आदमपुर चुनाव लड़ने का मौका देती है, तो वह कुलदीप बिश्नोई परिवार को आदमपुर में कड़ी टक्कर दे सकती हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा पार्टी ने उनकी बहन सोनाली फोगाट के साथ कभी न्याय नहीं किया है। वह अपनी बहन के साथ हुए अन्याय का बदला लेंगी। इससे पहले भी साल 2022 में आदमपुर उपचुनाव में भी रुकेश पुनिया के चुनाव लड़ने की अटकलें लगाई जा रहीं थीं। लेकिन उन्होंने चुनाव नहीं लड़ा था।
बीजेपी पर लगाए ये आरोप
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कांग्रेस में शामिल होने के बाद रुकेश पूनिया ने आरोप लगाया कि भाजपा एक ऐसी पार्टी है, जो कहती कुछ है और करती कुछ और है। भाजपा कहती है कि महिलाओं का वह सम्मान करते हैं, जबकि ऐसा नहीं है। जो महिलाएं मेडल लेकर आई हैं उनका सम्मान नहीं हो रहा है। उन्हें उनका हक नहीं दिया जा रहा है। किसानों के हित के लिए भी यह पार्टी कुछ नहीं करती है। किसानों को तो इस पार्टी ने रोड पर लाकर बैठा दिया है। किसानों को उनका हक नहीं दिया जा रहा। यही वजह है कि रुकेश पूनिया भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुईं हैं।
Also Read: रेवाड़ी में विधानसभा चुनावों की तैयारी, अहीरवाल की 10 सीटों पर कांग्रेस की नजर
2019 में सोनाली ने चुनाव लड़ा था
रुकेश पुनिया की बहन सोनाली फोगाट ने 2019 में कांग्रेस शामिल कुलदीप बिश्नोई के खिलाफ चुनाव लड़ा था। लेकिन सोनाली फोगाट कुलदीप से 29,471 वोटों से हार गईं थीं। कुलदीप बिश्नोई को चुनाव में 63,693 वोट मिले थे। वहीं सोनाली फोगाट को 34,222 वोट मिले थे। साल। 2024 में सोनाली फोगाट ने खुद को आदमपुर से BJP का दावेदार बताया था।
