Logo
हरियाणा के सोनीपत में राई थाना क्षेत्र के गांव असावरपुर में ससुराल पक्ष के साथ किराए पर रह रही विवाहिता की संदिग्ध अवस्था में फंदा लगाने से मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

Sonipat: राई थाना क्षेत्र के गांव असावरपुर में ससुराल पक्ष के साथ किराए पर रह रही विवाहिता की संदिग्ध अवस्था में फंदा लगाने से मौत हो गई। ससुराल पक्ष के लोगों ने देर रात विवाहिता के फंदा लगाने की जानकारी मायका पक्ष को दी। मायके वाले सुबह गांव असावरपुर पहुंचे और पुलिस को शिकायत देकर बेटी की दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर शव को परिजनों के हवाले कर दिया।

2021 में हुई थी मृतका की शादी 

गांव हरिया खेड़ा उत्तर प्रदेश निवासी मुकेश ने बताया कि उसने अपनी बेटी श्वेता की शादी अप्रैल 2021 में बागपत के गांव चमरावल निवासी अंकित के साथ की थी। अंकित अपने परिवार के साथ सोनीपत के गांव असावरपुर में किराए पर रहता है। वह चाय का खोखा चलाता है। शादी के बाद उनकी बेटी ने बेटे वीर को जन्म दिया। उनका आरोप है कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को ससुराल पक्ष के लोग दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। शुक्रवार रात करीब 11 बजे उन्हें सूचना दी गई कि श्वेता ने फंदा लगा लिया है। जब वह गांव असावरपुर में पहुंचे तो बेटी का शव बेड पर पड़ा था। उनकी बेटी ने आत्महत्या नहीं की, उसे मारा गया है।

बार-बार बाइक की मांग कर रहा था अंकित

सोनीपत के नागरिक अस्पताल में पहुंचे मुकेश ने बताया कि श्वेता का पति अंकित उनकी बेटी से बाइक लेकर आने की मांग कर रहा था। वह उनकी बेटी को कहता था कि तुम्हारे पिता ने अपने लिए बाइक ले ली है, अब उसे भी बाइक चाहिए। वह बेटी पर लगातार दबाव बनाता था। बेटी के पति के साथ ही सास-ससुर व बेटी का देवर भी उसे परेशान करते थे। श्वेता उनकी बड़ी बेटी थी। अब उनके पास दो छोटे बेटे रह गए हैं।

शिकायत के आधार पर ससुराल पक्ष पर किया केस दर्ज 

राई थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि फंदे से लटककर महिला की मौत होने की जानकारी मिली थी। इस संबंध में शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया। मृतका के पिता के बयान पर आरोपित ससुराल पक्ष के सदस्यों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जल्द से जल्द आरोपितों को काबू कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

5379487