चंडीगढ़: हरियाणा में विधानसभा चुनाव का बिगुल बजते ही राजनीतिक गलियारों में भी उठापठक शुरू हो गई है। कई पार्टियों से विधायकों का इस्तीफा देने का दौर चल रहा है। इसी कड़ी में विस चुनावों से पहले नेताओं द्वारा अगली तैयारी के लिए फैसले लिए जा रहे हैं। विस अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने वीरवार को चार विधायकों के इस्तीफे स्वीकार कर लिए गए हैं। अब यह विधायक किस पार्टी में शामिल होंगे, यह कहना मुश्किल है।

इन विधायकों ने दिया इस्तीफा

विस अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने बताया कि फिलहाल चार विधायकों के इस्तीफे मिले थे, जिन्हें स्वीकार कर लिया गया है। इस्तीफा देने वालों में नरवाना जननायक जनता पार्टी (जजपा) विधायक रामनिवास सुरजा खेड़ा का विधायक पद से इस्तीफा मंजूर हुआ है। अन्य में चरखी दादरी से निर्दलीय विधायक सोमबीर सांगवान, बरवाला से विधायक जजपा जोगीराम सिहाग और उकलाना जेजेपी विधायक और पूर्व मंत्री अनूप धानक का इस्तीफा स्वीकार किया गया है।

विस में घटी विधायकों की संख्या

हरियाणा विधानसभा में चार विधायकों द्वारा इस्ती देने के बाद विधायकों की कुल संख्या घटकर 82 रह गई है। आज के दिन हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ने कुल चार विधायकों के इस्तीफे मंजूर किए हैं। हरियाणा विधानसभा में भाजपा के विधायकों की संख्या 41 है। कांग्रेस 28 और हलोपा का एक, जजपा 7 अभी तक, इनेलो का एक और तीन निर्दलीय विधायक बचे हैं। इस नई स्थिति के मद्देनजर राजनीतिक दलों ने तैयारियां तेज कर दी हैं।