Logo
Lok Sabha Election 2024: कांग्रेस से गठबंधन के बाद आम आदमी पार्टी ने हरियाणा की कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट से प्रत्याशी के नाम का ऐलान कर दिया है। आइये जानते हैं कि पिछले लोकसभा चुनाव से अब तक आम आदमी पार्टी की हरियाणा में क्या स्थिति है।

आम आदमी पार्टी ने आज कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट के लिए सुशील गुप्ता को बतौर प्रत्याशी घोषित कर दिया है। हरियाणा में आम आदमी पार्टी जहां एक सीट पर चुनाव लड़ेगी, वहीं तय समझौते के तहत कांग्रेस 9 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। पिछले लोकसभा चुनाव की बात करें तो 10 सीटें बीजेपी के पाले में गई थीं, लेकिन आप-कांग्रेस गठबंधन को उम्मीद है कि इस बार स्थिति पूरी तरह से पलट जाएगी। आइये जानने का प्रयास करते हैं कि आप के सुशील गुप्ता कुरुक्षेत्र के इस रण को जीत पाएंगे या नहीं...

पिछले लोकसभा चुनाव में यह सीट हार गई थी कांग्रेस

2019 के लोकसभा चुनाव में कुरुक्षेत्र सीट पर बीजेपी के नायब सिंह सैनी ने चुनाव लड़ा था, जबकि कांग्रेस की ओर से निर्मल सिंह को मैदान में उतारा गया था। पीएम मोदी की लहर के चलते चार बार विधायक और दो बार मंत्री रह चुके निर्मल सिंह को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा था। निर्मल सिंह को 24.7 फीसदी वोट मिले थे, जबकि बीजेपी के सांसद नायब सिंह सैनी को 56.0 फीसदी वोट मिले थे। आम आदमी पार्टी की बात करें तो उसने पिछला लोकसभा चुनाव जजपा के साथ गठबंधन में लड़ा था। कुरुक्षेत्र-जजपा गठबंधन के प्रत्याशी को महज 5.6 फीसदी वोट मिल सके थे। अब जब हरियाणा में सीटों पर बंटवारे की बात हुई तो आप ने केवल एक ही सीट यानी कुरुक्षेत्र से लोकसभा चुनाव लड़ने पर राजी हो गई। कांग्रेस ने भी इसे खुशी से स्वीकार कर लिया क्योंकि इसके पीछे भी एक बड़ी वजह है।

निर्मल सिंह के गढ़ में आप का स्वागत

दरअसल, निर्मल सिंह ने 4 नवंबर 2020 को अपनी बेटी चित्रा सरवारा के साथ कांग्रेस पार्टी छोड़ दी थी। इसके बाद हरियाणा डेमोक्रेटिक फ्रंट पार्टी बना ली। अप्रैल 2022 में निर्मल सिंह और चित्रा सरवाना ने आम आदमी पार्टी जॉइन कर ली। आम आदमी पार्टी ने जहां निर्मल सिंह को अहम जिम्मेदारी दी, वहीं चित्रा सरवारा को प्रदेश की उपाध्यक्ष बना दिया। हाल में निर्मल सिंह और चित्रा सरवारा ने आम आदमी पार्टी से इस्तीफा दिया और दोबारा से कांग्रेस का दामन थाम लिया। निर्मल सिंह की कुरुक्षेत्र में अच्छी पकड़ है। लेकिन, पिछले बार जब कांग्रेस से इस्तीफा दिया था तो उस वक्त हाई कमान खासा नाराज था। मौजूदा परिस्थितियों को देखकर कांग्रेस ने निर्मल सिंह और चित्रा सरवारा को पार्टी में शामिल कर लिया, लेकिन कुरुक्षेत्र सीट को अपने पास रखने की बजाए आम आदमी पार्टी को दे दी है। अब देखना दिलचस्प होगा कि कुरुक्षेत्र के इस रण में सुशील गुप्ता के खिलाफ किसे उतारा जाएगा। 

5379487