करनाल में 10 महीने के बच्चे की हत्या: पारिवारिक विवाद में चाचा ने भतीजे को मौत के घाट उतारा

Haryana Murder Case: करनाल में चाचा ने अपने 10 महीने के भतीजे की हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार, पारिवारिक विवाद के चलते आरोपी चाचा ने बच्चे पर डंडे से वार कर दिया, जिससे मौके पर ही बच्चे की मौत हो गई। घटना के बारे में पता लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दहेज के लिए परेशान किया
सोनीपत के असदपुर गांव के रहने वाले सुरेंद्र ने बताया कि उनकी दोनों बेटियों की शादी 21 फरवरी, 2023 को हुई थी। दोनों का ससुराल करनाल के बरसत गांव में है। दोनों की शादी सुशील व शमशेर सिंह के साथ हुई थी और दोनों ही सगे भाई हैं। सुरेंद्र ने बताया कि उनकी बेटियों को शादी के बाद से ही दहेज के लिए परेशान किया जाता था। इस मामले को लेकर पंचायतें भी हुई थीं, लेकिन ससुराल वाले अक्सर मामले को यह कहकर टाल देते थे कि अब वह उनकी बेटियों को परेशान नहीं करेंगे। इसके बाद भी ससुराल वाले नहीं माने।
पारिवारिक झगड़े में बच्चे की हत्या
पीड़ित का कहना है कि ससुराल वाले उनकी दोनों बेटियों को जान से मारने की धमकी देते हैं। इस बात से परेशान उनकी बेटी पूजा अलग किराए के मकान में रहती थी। 16 जुलाई मंगलवार की दोपहर को उसका देवर दीपक उसके कमरे में घुस गया और झगड़ा करने लगा। देवर ने पूजा पर डंडे से वार करना शुरू कर दिया। उस समय पूजा का 10 महीने का बेटा पलंग पर था। जैसे ही आरोपी चाचा ने पूजा पर डंडे से वार किया वह उसे छूता हुआ 10 माह के राघव की गर्दन पर जा लगा। बच्चा बेसुध हो गया पूजा ने शोर मचाया, तो आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। बच्चे को तुरंत घरौंडा के अस्पताल में लेकर आए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आरोपी की गिरफ्तारी अब तक नहीं
पिता का कहना है कि उनकी दूसरी बेटी काजल गर्भ से है और आरोपी उसके साथ भी मारपीट करना चाहता था, लेकिन काजल ने दरवाजा बंद कर लिया था। घरौंडा थाना प्रभारी जंगशेर का कहना है कि आरोपी देवर दीपक, सास रामकली और ससुर रामफल पर केस दर्ज कर लिया है। अभी किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS